Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Sonbhadra News: रफ्तार का कहर: बाइक सवार को बचाने में पलटा बालू लदा ट्रैक्टर, किशोर की मौत, तीन घायल

Sonbhadra News: रफ्तार का कहर: बाइक सवार को बचाने में पलटा बालू लदा ट्रैक्टर, किशोर की मौत, तीन घायल

Newstrack 4 months ago

Sonbhadra News: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के रंदह बाजार के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बालू से लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गया।

हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर पर सवार एक किशोर उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब दस बजे बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर रंदह बाजार के पास पहुंचा ही था कि अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। टक्कर टालने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ते ही ट्रैक्टर सड़क छोड़कर खेत में पलट गया। पलटते ही चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।

हादसे में करचाटोला निवासी 17 वर्षीय अवधेश यादव पुत्र कैलाश यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। वहीं ट्रैक्टर पर सवार राजेश, अरविंद और छोटूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ यह हादसा एक परिवार के लिए जिंदगी भर का जख्म बन गया। घर का जवान बेटा हमेशा के लिए खामोश हो गया, जबकि तीन अन्य युवक अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से कराह रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi