सोनभद्र में ऑपरेशन दहन: 7,933 लीटर अवैध शराब नष्ट (Photo- Newstrack)
Operation Dahan: 7,933 liters of illegal liquor destroyed in SonbhadraSonbhadra News: सोनभद्र। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर निर्णायक प्रहार करते हुए पुलिस ने रविवार को हाथीनाला थाना परिसर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
"ऑपरेशन दहन" के तहत विभिन्न मामलों में जब्त की गई भारी मात्रा में अवैध शराब को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि अब जिले में अवैध शराब माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं बची है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के नेतृत्व में संपन्न कराई गई। अभियान के दौरान कुल 68 मुकदमों से संबंधित मुकदमाती माल का निस्तारण किया गया। मौके पर सक्षम मजिस्ट्रेट एवं राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को कानूनी दायरे में रखते हुए अंजाम दिया गया, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर बरामद शराब को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए विधिवत नष्ट किया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा कि नष्ट की गई शराब का किसी भी प्रकार से दोबारा उपयोग या अवैध बाजार में पहुंचना संभव न हो सके।
कार्रवाई के दौरान नष्ट की गई शराब की मात्रा बेहद चौंकाने वाली रही
देसी शराब: 650 लीटर
अंग्रेजी शराब: 7283 लीटर
इस प्रकार कुल 7,933 लीटर अवैध मदिरा को एक साथ खत्म कर दिया गया, जो जिले में अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से जहां तस्करों में भय का माहौल बनेगा, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।

