CM योगी ने शहर को दी विकास की रफ्तार, 819 करोड़ की 99 परियोजनाओं का किया शुभारंभ (Photo- Newstrack)
CM Yogi inaugurates 99 projects worth Rs 819 crore, speed up development of citySultanpur News: सुल्तानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से बटन दबाकर 819 करोड़ रुपये की 99 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों के साथ-साथ कई राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
अच्छी सरकार से तेजी से होता है विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जब लोग अच्छे लोगों को चुनते हैं तो अच्छी सरकार बनती है और जब अच्छी सरकार बनती है तो विकास तेजी से होता है। उन्होंने कहा कि विकास की गति बढ़ने से हर नागरिक के जीवन में बदलाव आता है और उसका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने पहले बीमारू राज्य बना दिया था, लेकिन आज प्रदेश देश के विकसित और तेजी से विकास करने वाले राज्यों में गिना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की बदली पहचान का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग उत्तर प्रदेश के लोगों से दूरी बनाते थे, लेकिन आज वही लोग उन्हें गले लगाते हैं। उनके मुताबिक आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है और प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों, बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और इस मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में तेजी से सड़कें बन रही हैं, एयरपोर्ट तैयार हो रहे हैं और विकास के नए काम लगातार किए जा रहे हैं।

सरकारी योजनाओं और रोजगार का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले जो पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री पर खर्च होता था, आज वही पैसा मंदिरों के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के कच्चे घरों को पक्का बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब सैकड़ों युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलते हैं तो उनके चेहरे की चमक देखने लायक होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में नौ लाख लोगों को नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होता है जब सरकार परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर सभी को समान रूप से देखती है। उन्होंने यह भी कहा कि अब उत्तर प्रदेश में बिना पैसे के नौकरी मिलती है और प्रदेश में मिले निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी, जबकि आज वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट की पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एयरपोर्ट के पास 120 एकड़ जमीन पर समाजवादी पार्टी से जुड़े माफिया ने कब्जा कर लिया था। जब सरकार ने कार्रवाई की तो वह जमीन छोड़ने की बात करने लगा। उन्होंने कहा कि पहले समाजवादी लोग जमीनों पर कब्जा कर लेते थे, लेकिन अब सरकार को उन्हें खाली कराना आता है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी बदनाम कर रही हैं। उनके मुताबिक विपक्ष को इस बात की पीड़ा है कि राम भक्तों ने अयोध्या में इतना भव्य मंदिर बना दिया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आस्था आहत होने की बात करती है, लेकिन सवाल यह है कि कौन सी आस्था की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामद्रोहियों ने गोलियां चलवाई थीं और बाबरी ढांचे पर घड़ियाली आंसू बहाए जाते थे। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर हिंदू समाज और भारत पर प्रहार किया गया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके रंग गिरगिट की तरह बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अब दूसरी बाबरी कहीं नहीं बन पा रही है, इसलिए अयोध्या और पूरे प्रदेश को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
वक्फ कानून और एसआईटी की कार्रवाई का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है और जहां भी चोरी हुई है, वहां कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ के नाम पर करोड़ों रुपये की जमीन का वारा-न्यारा किया गया। उन्होंने कहा कि जब वक्फ कानून बनाया गया तो उसका विरोध किया गया। इसी तरह नागरिकता कानून का भी विरोध किया गया ताकि वक्फ के नाम पर होने वाली लूट जारी रह सके।
विरासत स्थलों के विकास का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में विरासत से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों का विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है और उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

