Chandauli News: चंदौली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का किया जोरदार स्वागत,चंदा चोरी पर दिया बयान। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को सोनभद्र दौरे पर जाते समय चंदौली पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े प्रकरण पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार कानून के शासन में विश्वास रखती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है और जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं कानून के दायरे में होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा किसी भी मामले में कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नियम और कानून के अनुसार कार्य करती है तथा किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही की जाती है।
ब्राह्मण समाज के भाजपा से दूर होने संबंधी सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सर्व समाज की पार्टी है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज का भाजपा के साथ हमेशा मजबूत संबंध रहा है और आज भी समाज का व्यापक समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और देश के सभी वर्ग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा पहले से अधिक मजबूती के साथ जनता का समर्थन हासिल करेगी।

