UP Weather Update, 7 July 2026: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 57 जिलों के लिए आंधी, तेज हवाओं और वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल कुछ इलाकों में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गयी हैं, लेकिन आज मंगलवार 7 जुलाई से मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। 8-10 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी-खासी वर्षा होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
57 जिलों में आंधी-वर्षा की बड़ी चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुल 57 जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया और बलिया शामिल हैं।
कई जिलों में हुई तेज वर्षा, जलभराव से बढ़ीं मुश्किलें
बीते 24 घंटों के दौरान प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, गाजियाबाद, बलिया, बरेली और लखनऊ सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा दर्ज की गई। कई शहरों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बरेली में देर रात हुई बारिश के बाद कई सड़कें पानी में डूब गईं, जबकि कुछ स्थानों पर ई-रिक्शा तक पलटने की घटनाएं सामने आईं। हापुड़ में हाईवे पर पानी भर गया और कई इलाकों में पेड़ तथा बिजली के खंभे भी गिरने की खबरें मिलीं।
7 से 10 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा की प्रबल संभावना रहेगी।
8 जुलाई को पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। वहीं, 9 जुलाई को कई जिलों में भारी वर्षा, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 10 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बरसात का सिलसिला जारी रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी से बन रहा नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मौसम तंत्र अब उत्तर ओडिशा तट को पार करते हुए छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है। इसके पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में मानसून को फिर से सक्रिय करने की संभावना है। इसी कारण से अगले 2-3 दिनों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है।
लोगों के लिए आवश्यक सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। तेज आंधी, वर्षा और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए अनावश्यक रूप से यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों को भी मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और खेतों में जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए ज़रूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 8-10 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है, जिससे लंबे वक़्त से वर्षा का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

