Dailyhunt
वैश्विक स्तर पर भारत का दबदबा! जयशंकर से मिले 8वें सबसे छोटे देश के विदेश मंत्री, जानें वजह

वैश्विक स्तर पर भारत का दबदबा! जयशंकर से मिले 8वें सबसे छोटे देश के विदेश मंत्री, जानें वजह

Newstrack 4 days ago

S Jaishankar-Denzil L Meeting: दुनिया के सबसे छोटे देशों में शामिल सेंट किट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री डॉ. डेनज़िल एल. डगलस इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस.

जयशंकर से मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

इस मुलाकात के दौरान एस. जयशंकर ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच विकास समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को लेकर बातचीत हुई है।

मुलाकात में क्या-क्या हुआ

एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें सेंट किट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री की मेजबानी करके बेहद खुशी हुई।

उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य सहयोग, डिजिटल क्षमताओं और आपदा राहत जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ, जिसे दोनों पक्षों ने सकारात्मक बताया।

दिल्ली में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

डॉ. डेनज़िल एल. डगलस का सोमवार को नई दिल्ली पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरे को दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इस यात्रा को अहम बताते हुए कहा कि यह दौरा भारत और सेंट किट्स एंड नेविस के बीच सहयोग को नई दिशा देगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस यात्रा के दौरान भारत में सेंट किट्स एंड नेविस के उच्चायोग का उद्घाटन भी किया जाएगा।

अनुभवी नेता हैं डेनज़िल डगलस

डॉ. डेनज़िल एल. डगलस सेंट किट्स एंड नेविस की राजनीति के अनुभवी नेता माने जाते हैं। उन्होंने 1995 से 2015 तक देश के दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक सेवा दी है।

साल 2022 में उन्हें फिर से सरकार में शामिल किया गया और उन्हें विदेश, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्योग, वाणिज्य, उपभोक्ता मामलों और निवेश जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विदेश मंत्री के रूप में वह दुनिया के कई देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय बैठकों में भाग लेते रहे हैं।

पहले भी कर चुके हैं भारत दौरा

इससे पहले डॉ. डेनज़िल डगलस अगस्त 2024 में भी भारत आ चुके हैं। उस दौरान भी दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

इसमें रक्षा और सुरक्षा, स्वास्थ्य और फार्मा, स्टाफ प्रशिक्षण, अक्षय ऊर्जा, कृषि और खाद्य सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास सहयोग जैसे विषय शामिल थे।

दुनिया के सबसे छोटे देशों में शामिल है सेंट किट्स एंड नेविस

दरअसल सेंट किट्स एंड नेविस एक छोटा सा द्वि-द्वीपीय देश है, जो वेस्ट इंडीज में लीवार्ड द्वीप पर स्थित है। यह क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों के लिहाज से अमेरिका महाद्वीप का सबसे छोटा संप्रभु राष्ट्र माना जाता है।

इस देश की राजधानी बेसेत्री है, जो इसके सबसे बड़े द्वीप सेंट किट्स पर स्थित है। खास बात यह है कि यह देश दुनिया का आठवां सबसे छोटा देश भी है।

1983 में मिली थी आजादी

सेंट किट्स एंड नेविस ने 1983 में ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल की थी। आज यह देश भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए जाना जाता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi