बिलासपुर जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सख्त अभियान चलाया. कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर रतनपुर क्षेत्र में की गई जांच के दौरान कृषि विभाग ने 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त किया.
इस कार्रवाई के बाद खाद विक्रेताओं और समितियों में हड़कंप मच गया है.
जांच के दौरान कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर क्षेत्र की कई दुकानों और सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण किया. सेवा सहकारी समिति चपोरा में रिकॉर्ड संधारण और खाद भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं. वहीं मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में भी खाद विक्रय और स्टॉक से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं.
इसके अलावा सेवा सहकारी समिति रतनपुर और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर में भी नियमों के उल्लंघन के मामले मिले. जांच में खाद विक्रय, भंडारण और अभिलेखों में खामियां पाए जाने पर कृषि विभाग ने संबंधित दुकानदारों और संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग ने सभी खाद विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और केवल मानक गुणवत्ता वाले खाद-बीज बेचने के निर्देश दिए हैं.

