जबलपुर. आधारताल थाना क्षेत्र में एक अनाथ युवती से लगातार छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने 55 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. घटना न्यू कंचनपुर इलाके की बताई जा रही है, जहां 22 वर्षीय युवती अपने परिवार के अभाव में अकेले रहकर जीवनयापन कर रही थी.
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक बुजुर्ग लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था और आए दिन अशोभनीय हरकतें कर मानसिक प्रताड़ना दे रहा था.
युवती ने साहस दिखाते हुए आधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया. इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया.

