बलौदा बाजार जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. लवन थाना पुलिस ने बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में असामाजिक तत्वों, अवैध शराब कारोबार, जुआ-सट्टा और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बाइक में गांजा लेकर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों को रोका.
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग से 10.204 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. जब्त गांजा की कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लखन वर्मा (25 वर्ष) और मुकेश कुमार ध्रुव (23 वर्ष) निवासी ग्राम छांछी, थाना कसडोल बताया. दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Source : palpalindiaछत्तीसगढ़ में अनुपयोगी सरकारी जमीनों का होगा कायाकल्प- तैयार होगी रिडेव्हलपमेंट कार्ययोजना
छत्तीसगढ़ चाय व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष ने की राज्यपाल से सौजन्य भेंट

