Dailyhunt
बरेला में दबंग बिल्डर की गुंडागर्दी, किसान की पकी हुई गेहूं की फसल पर चलवाया बुलडोजर

बरेला में दबंग बिल्डर की गुंडागर्दी, किसान की पकी हुई गेहूं की फसल पर चलवाया बुलडोजर

बलपुर. बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बरेला टोल नाका के समीप एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ एक रसूखदार बिल्डर की दबंगई ने एक गरीब किसान की साल भर की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया.

बरेला निवासी पीड़ित किसान चिरौंजी लाल चक्रवर्ती पिछले 25 वर्षों से अपनी वैध भूमि पर खेती कर रहे हैं और उनके पास जमीन से जुड़े तमाम सरकारी दस्तावेज और पट्टा मौजूद है. इसके बावजूद नेपियर टाउन निवासी कथित दबंग बिल्डर महेश पुरसवानी ने कानून को ताक पर रखते हुए किसान की लहलहाती और कटने के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल पर बेरहमी से बुलडोजर चलवा दिया. इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के दौरान बिल्डर के साथ आए बाउंसरों और गुर्गों ने किसान और उसके परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश भी की ताकि वे अपनी आंखों के सामने अपनी बर्बादी को चुपचाप देखते रहें.

किसान चिरौंजी लाल का कहना है कि उन्होंने खून-पसीना एक करके अपनी इस फसल को सींचा था और अब जब फसल कटाई का वक्त आया था, तब बिल्डर ने जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से यह हमला बोला. खेत में बुलडोजर चलने से न केवल फसल बर्बाद हुई है, बल्कि जमीन की उर्वरता और मेढ़ों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. पीड़ित किसान ने भरे गले से बताया कि उसके पास जीवनयापन का यही एकमात्र साधन है और बिल्डर के इस कृत्य से उसका परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गया है. घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. किसान का आरोप है कि उसने पहले भी इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन बिल्डर के प्रभाव के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे हौसले बुलंद होने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्रीय किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी बिल्डर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और किसान को मुआवजा नहीं मिला, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. बरेला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर मुआयना करने के लिए कहा गया है. प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद दोषियों पर कड़ी धारा के तहत मामला दर्ज किया जाएगा. हालांकि, सवाल यह उठता है कि आखिर किसकी शह पर एक रसूखदार बिल्डर सरेआम किसी की निजी भूमि पर बुलडोजर चलाने की हिम्मत जुटा सका. फिलहाल पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में कलेक्ट्रेट और थाने के चक्कर काट रहा है.

Source : palpalindia

जबलपुर मे शादी समारोह में विवाद पर हुई घोड़ी वाले की हत्या के सभी 8 आरोपी गिरफ्तार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Palpal India