Dailyhunt
भारत ने रचा इतिहास:टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब 96 रन से जीतकर लगातार दूसरी बार बना विश्व चैंपियन

भारत ने रचा इतिहास:टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब 96 रन से जीतकर लगातार दूसरी बार बना विश्व चैंपियन

हमदाबाद.नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार की रात भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में दर्ज हो गई, जब भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने एकतरफा मुकाबले में कीवी टीम को पूरी तरह से पछाड़ते हुए लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया। घरेलू मैदान पर मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए और भी खास बन गई, क्योंकि हजारों दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया।

फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनकी टीम के लिए भारी साबित हुआ। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। शुरुआती कुछ गेंदों पर संभलकर खेलने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाना शुरू किया और देखते ही देखते भारतीय स्कोर तेजी से आगे बढ़ने लगा।

अभिषेक शर्मा ने फाइनल जैसे बड़े मंच पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी विस्फोटक पारी ने भारतीय पारी को जबरदस्त गति दी। पावरप्ले में ही भारत ने बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए, जो टूर्नामेंट का रिकॉर्ड भी बन गया। दूसरी ओर संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीसरी बार टूर्नामेंट में पचासा जड़ा। दोनों के बीच तेज रफ्तार साझेदारी ने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

अभिषेक शर्मा 52 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद भी भारत की रन गति में कोई कमी नहीं आई। इशान किशन ने मैदान पर आते ही तेजी से रन बटोरने शुरू कर दिए और केवल 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। सैमसन और किशन के बीच तेज साझेदारी के दम पर भारत ने 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इस दौरान सैमसन ने बेहतरीन स्ट्रोक्स खेले और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए।

हालांकि 16वें ओवर में न्यूजीलैंड को कुछ राहत मिली जब जिमी नीशम ने एक ही ओवर में तीन बड़े विकेट झटककर मैच में थोड़ी वापसी कराने की कोशिश की। इस ओवर में पहले संजू सैमसन 89 रन बनाकर आउट हुए, फिर इशान किशन भी पवेलियन लौट गए और इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी गोल्डन डक पर आउट हो गए। अचानक गिरे इन तीन विकेटों से भारतीय पारी थोड़ी लड़खड़ा गई।

इसके बाद भारत की रन गति कुछ समय के लिए धीमी पड़ गई। हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा क्रीज पर संघर्ष करते नजर आए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। लेकिन आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख फिर से भारत की ओर मोड़ दिया। दुबे ने आखिरी ओवर में 24 रन ठोक दिए, जिसमें लगातार चौके और छक्के शामिल थे। उनकी तेज पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत भी आक्रामक रही। टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही मैच का रुख अपने पक्ष में कर लिया। अक्षर पटेल ने फिन एलेन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को झकझोर कर रख दिया।

बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र को आउट कर दिया और इसके बाद लगातार सटीक यॉर्कर और धीमी गेंदों से कीवी बल्लेबाजों को परेशान किया। अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए ग्लेन फिलिप्स को बोल्ड कर दिया। भारतीय फील्डरों ने भी बेहतरीन कैच पकड़कर टीम की जीत को आसान बना दिया। विकेटकीपर इशान किशन ने कई शानदार कैच लेकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

मध्य ओवरों में न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। जसप्रीत बुमराह ने अपने अनुभव और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को बांधकर रखा। उन्होंने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर लगभग पूरी तरह पानी फेर दिया। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी अहम विकेट लेकर कीवी टीम की कमर तोड़ दी।

मैच के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के लिए जीत लगभग नामुमकिन हो चुकी थी। भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट लेते रहे और कीवी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। अंततः न्यूजीलैंड की पूरी टीम निर्धारित ओवरों से पहले ही सिमट गई और भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज कर ली।

जैसे ही आखिरी विकेट गिरा, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जश्न का माहौल छा गया। भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े और एक-दूसरे को गले लगाकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने लगे। दर्शकों ने भी तिरंगा लहराकर और जोरदार नारों के साथ टीम इंडिया का स्वागत किया।

इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप इतिहास में अपना तीसरा खिताब जीत लिया और साथ ही लगातार दो बार चैंपियन बनने वाली पहली टीम भी बन गई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी।

घरेलू मैदान पर मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए लंबे समय तक यादगार रहने वाली है। खिलाड़ियों के साथ-साथ करोड़ों भारतीय प्रशंसकों के लिए भी यह पल बेहद गर्व और खुशी का रहा, क्योंकि टीम इंडिया ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा।

Source : palpalindia

टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले से पहले अहमदाबाद में गूंजा धोनी का नाम, सोशल मीडिया पर दुआओं का सैलाब

टी20 विश्व कप फाइनल से पहले कपिल देव का बड़ा बयान, बुमराह दुनिया के नंबर वन गेंदबाज सैमसन शानदार खिलाड़ी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Palpal India