Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दो मरीजों की मौत के बाद DD Hospital पर बड़ा एक्शन, लाइसेंस निलंबित, OT-ICU सील

दो मरीजों की मौत के बाद DD Hospital पर बड़ा एक्शन, लाइसेंस निलंबित, OT-ICU सील

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के सेमरा स्थित डी.डी. हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. दो महिला मरीजों की मौत और इलाज में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद कलेक्टर एवं पर्यवेक्षी प्राधिकारी ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT), आईसीयू (ICU) और वार्ड को सील करने के आदेश जारी किए हैं.

जांच में सामने आया कि अस्पताल में गंभीर मरीजों का इलाज बिना आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ के किया जा रहा था. निरीक्षण के दौरान 11 मरीज भर्ती मिले, जिनमें तीन का ऑपरेशन हो चुका था, लेकिन पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल के लिए न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही आवश्यक विशेषज्ञ उपलब्ध थे.

पहला मामला ग्राम बेदरचुआ निवासी ज्योति सोनवानी का है, जिन्हें जिला अस्पताल से सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया था. आरोप है कि रास्ते में एम्बुलेंस को रोककर उन्हें डी.डी. हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक कथित लापरवाही से इलाज किया गया. हालत बिगड़ने पर उन्हें सिम्स भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर आयुष्मान योजना के बावजूद डेढ़ लाख रुपये तक की अवैध वसूली का भी आरोप लगाया.

दूसरा मामला ग्राम जिलगा की गर्भवती महिला लीलावती का है. गंभीर एक्लैम्पसिया और एनीमिया से पीड़ित होने के बावजूद अस्पताल ने उन्हें भर्ती कर ऑपरेशन किया, जबकि आवश्यक विशेषज्ञ और सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं. बाद में हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.

दोनों घटनाओं के बाद हुए जनआक्रोश और चक्काजाम के पश्चात प्रशासन ने संयुक्त जांच कराई. जांच में अस्पताल द्वारा गंभीर बीमारियों के इलाज के झूठे दावे, 24 घंटे डॉक्टर की अनिवार्य उपलब्धता का अभाव और स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का अस्पताल प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम, 2010 के तहत अस्पताल का पंजीयन निलंबित कर दिया गया. प्रशासन ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग और पुलिस सहित संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी है.

Source : palpalindia

नकटी अतिक्रमण प्रभावित 65 परिवारों को सरकार का बड़ा सहारा, नया रायपुर में पक्के EWS आवासों के साथ होगा सम्मानजनक पुनर्वास

ट्रेनों में सख्ती के बाद बस से होने लगी गांजे की तस्करी, रायपुर से लाई गई खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Palpal India