जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित ग्वारीघाट क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया. ग्वारीघाट मेन रोड पर हाईटेंशन बिजली लाइन का खंभा अचानक झुककर सड़क पर आ गया.
घटना रात के समय होने और सड़क पर आवाजाही कम रहने से कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि खंभा झुकते ही पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और इलाके में अंधेरा छा गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खंभा सड़क पर झुकते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी. इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि करंट फैलने या किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्वारीघाट क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण और खुदाई कार्य के दौरान खंभे की नींव कमजोर हो गई थी. लगातार हो रही बारिश के कारण जमीन और अधिक धंस गई, जिससे खंभा असंतुलित होकर सड़क पर झुक गया.
घटना के बाद क्षेत्र के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई. कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और क्षतिग्रस्त खंभे को हटाने की कार्रवाई शुरू की. देर रात तक नया बिजली खंभा लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य जारी रहा. स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताते हुए प्रशासन से निर्माण स्थलों की नियमित निगरानी और बिजली के खंभों सहित सार्वजनिक संरचनाओं की सुरक्षा करने की मांग की है.
Source : palpalindiaजबलपुर में 4 जुलाई को सजेगी सुरों की महफिल, 'रहे न रहे हम' संगीतमय संध्या में गूंजेंगे सदाबहार नगमे

