जबलपुर। एमपी के जबलपुर में देर रात गढ़ा क्षेत्र में भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपियों को शराब सहित गढ़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि दो युवक नीले रंग की एक्सिस स्कूटी से अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं ने गढ़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी भागने लगे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 100 पाव अवैध शराब बरामद हुई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर शराब जब्त कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री में लिप्त थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। जानकारी के मुताबिक तिलवारा और ग्वारीघाट क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी का फायदा उठाकर तस्कर शहर के अन्य इलाकों से शराब लाकर इन क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जबलपुर में अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के कार्यकर्ता स्वयं अभियान चलाकर ऐसे मामलों को पकड़ते रहेंगे।
Source : palpalindiaजबलपुर में 68 साल पुराने शास्त्री ब्रिज को मिलेगा नया स्वरुप, अब यहां पर बनेगा नया फोर लेन ब्रिज
जबलपुर में हुई दो दिन की बारिश से हिरन नदी उफनाई, सिहोरा वासियों को पानी की समस्या से मिली राहत

