जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में जनता के उपयोग हेतु प्राइवेट पार्टी द्वारा विकसित किए गए पहले पब्लिक मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स (एमएफसी) ने एक नई उपलब्धि हासिल की है. यह पहल न केवल मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, बल्कि देशभर के अन्य रेलवे डिवीजनों के लिए एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में भी कार्य करेगी.
16 फरवरी सोमवार को जबलपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स का गुणवत्ता मुआयना एवं निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं, संरचना, यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, सेवाओं की कार्यप्रणाली एवं समग्र प्रबंधन व्यवस्था का विस्तार से अवलोकन किया गया तथा इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया. जिससे अब यह यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगा.
यह मल्टीफंक्शनल सेंटर यात्रियों एवं आम जनता की सुविधा, आराम और गुणवत्ता सेवा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, जहाँ एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं.
उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं
- प्रीमियम लॉन्ज सुविधाएँ
- सुपर लक्सरी रूम
- मिनी रूम
- डॉरमेटरी आवास
- स्नान एवं फ्रेश-अप सुविधाएँ
- डोमिनोज़, कैफे कॉफी डे जैसे ब्रांडेड आउटलेट्स के साथ फूड कोर्ट
- बैंक एटीएम सेवाएँ
- सामान एवं क्लॉक रूम सुविधाएँ
- रेस्टोरेंट सेवाएँ
यह एमएफसी यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है, जिससे उन्हें आराम, सुविधा और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें. रेल प्रशासन का विश्वास है कि यह पहल एक नया मानक स्थापित करेगी और आने वाले समय में अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसी प्रकार के मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने की दिशा में यह परियोजना प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी.

