Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 अगस्त को जबलपुर को देंगे हरियाली, विकास और डिजिटल सशक्तिकरण की ऐतिहासिक सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 अगस्त को जबलपुर को देंगे हरियाली, विकास और डिजिटल सशक्तिकरण की ऐतिहासिक सौगात

बलपुर. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 अगस्त को जबलपुर प्रवास के दौरान शहर को विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और डिजिटल सशक्तिकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे. नगर निगम जबलपुर द्वारा आयोजित इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में हरित शहर के संकल्प को नई गति देते हुए डुमना नेचर पार्क में मियावाकी पद्धति से 11 लाख पौधारोपण अभियान और कैच द रेन जल संरक्षण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा.

इसके साथ ही मुख्यमंत्री शहर के अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे. नगर निगम के इस विशेष आयोजन को जबलपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.

कार्यक्रम का पहला चरण दोपहर 12 बजे डुमना नेचर पार्क में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विशाल पौधारोपण अभियान की शुरुआत करेंगे. नगर निगम द्वारा मियावाकी तकनीक से विकसित किए जा रहे इस विशेष हरित क्षेत्र का उद्देश्य कम समय में घना वन विकसित करना है, जिससे शहर के पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता और जलवायु संरक्षण को मजबूती मिलेगी. इसी अवसर पर वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कैच द रेन अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण के प्रति नागरिकों में व्यापक जन जागरूकता पैदा की जा सके.

इसके बाद मुख्यमंत्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर, घंटाघर में आयोजित समारोह में नगर निगम जबलपुर की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इनमें शहर की बहुप्रतीक्षित अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण प्रमुख रहेगा. इस परियोजना से शहर में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है. इसके अलावा रजक समाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त लॉन्ड्री क्षेत्र का लोकार्पण तथा गुरंदी में नव-निर्मित आधुनिक मत्स्य विक्रय केंद्र का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे संबंधित समुदायों को बेहतर आजीविका और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर डिजिटल सशक्तिकरण को भी नई दिशा देंगे. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पंजीकृत स्ट्रीट वेंडरों को क्रेडिट कार्ड वितरित किए जाएंगे, जिससे छोटे व्यापारियों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था, डिजिटल भुगतान प्रणाली और आसान वित्तीय सेवाओं से जोड़ा जा सके. इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को प्रोत्साहन देना, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाना है.

नगर निगम जबलपुर ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह आयोजन केवल विकास कार्यों के लोकार्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित जबलपुर, स्वच्छ जबलपुर और डिजिटल जबलपुर के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है.

नगर निगम ने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विकास, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल सशक्तिकरण के इस अभियान का सहभागी बनने की अपील की है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस दौरे से जबलपुर को अधोसंरचना, पर्यावरण, स्वच्छता और डिजिटल वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Source : palpalindia

जबलपुर रेलवे स्टेशन की किलाबंदी: टिकट जांच कर्मियों, RPF-GRP ने चलाया चैकिंग अभियान, यात्रियों में मची हड़कम्प

जबलपुर: रेल मंडल के 24 कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, डीआरएम ने दी उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Palpal India