Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
नोएडा में साइबर जालसाजी के तीन मामले सामने आए, बुजुर्ग व्यक्ति से शेयर बाजार के नाम पर 2.35 करोड़ रुपये की ठगी

नोएडा में साइबर जालसाजी के तीन मामले सामने आए, बुजुर्ग व्यक्ति से शेयर बाजार के नाम पर 2.35 करोड़ रुपये की ठगी

नोएडा (उप्र), 30 जुलाई नोएडा में सेक्टर-21 के जलवायु विहार में रहने वाले 73 वर्षीय व्यक्ति से शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.35 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है।

पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित आनंद ने बुधवार रात साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी कि जून में व्हाट्सऐप के माध्यम से उनसे संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया गया। केवाईसी कराने और एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपियों ने उन्हें रियायती दर पर आईपीओ में निवेश का लालच दिया।

शिकायत में कहा गया है कि 15 जून से 21 जुलाई के बीच उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में कुल 2,35,51,136 रुपये हस्तांतरित कर दिए। ऐप पर निवेश की राशि छह करोड़ रुपये से अधिक दिखाई गई। जब उन्होंने 1.85 करोड़ रुपये निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कर के नाम पर 62.51 लाख रुपये और जमा करा लिए तथा बाद में 37 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की।

इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में सेक्टर-50 निवासी विनोद कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी अनुमति के बिना 'जियोमार्ट' पर उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 7,10,499 रुपये की खरीदारी कर ली गई।

उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, कार्ड विवरण या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोयल ने बताया कि अन्य मामले में बीती रात को 58 वर्षीय सपना बाग ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से बिना अनुमति के 18,55,867 रुपये निकाल लिए गए।

उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, पिन या बैंकिंग विवरण साझा नहीं किया और आशंका जताई कि उनका मोबाइल फोन हैक कर लेनदेन किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prabha Sakshi