Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Share Market में लगातार दूसरे दिन तेजी, Sensex 274 अंक चढ़कर 77,928 पर हुआ बंद

Share Market में लगातार दूसरे दिन तेजी, Sensex 274 अंक चढ़कर 77,928 पर हुआ बंद

स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और दोनों मानक सूचकांक लाभ के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी पूंजी के प्रवाह से बीएसई सेंसेक्स 274 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 67 अंक का लाभ रहा।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंतिम घंटे में लिवाली से तीस शेयर पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,928.15 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स 78,007.09 अंक के उच्च स्तर तक गया और 77,440.91 अंक के निचले स्तर तक आया। इस दौरान इसमें 566.18 अंक का उतार-चढ़ाव आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयर वाला निफ्टी भी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 24,317.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावर ग्रिड के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किए जाने का फैसला पहले से ही अपेक्षित था, लेकिन महंगाई पर नियंत्रण को लेकर उसका सख्त रुख बरकरार रहा।

अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेज वृद्धि से निकट भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई, जिससे वैश्विक निवेशकों में सतर्कता बनी रही। वहीं पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ती अस्थिरता ने भी वैश्विक अनिश्चितता बढ़ाई।'' उन्होंने कहा कि इन वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद के कारण स्थानीय शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। नायर ने कहा कि हालांकि विदेशी निवेशकों की मजबूत लिवाली, रुपये में मजबूती और वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के कंपनियों के उत्साहजनक नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और उन्होंने गिरावट को चुनिंदा खरीदारी के अवसर के रूप में देखा।

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.66 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.36 प्रतिशत टूटा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.45 प्रतिशत बढ़कर 91.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

सेंसेक्स बुधवार को 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत चढ़कर 77,654.60 अंक और निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ था।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prabha Sakshi