Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Himachal News: "भ्रष्टाचार से अर्जित सभी अवैध संपत्ति होंगी जब्त!" चंबा में गरजे सीएम सुक्खू, बोले- 'उस पैसे से गरीबों और विधवाओं को देंगे सहारा'

Himachal News: "भ्रष्टाचार से अर्जित सभी अवैध संपत्ति होंगी जब्त!" चंबा में गरजे सीएम सुक्खू, बोले- 'उस पैसे से गरीबों और विधवाओं को देंगे सहारा'

Himachal News Today: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार से अर्जित की गई किसी भी अवैध संपत्ति को बख्शने के मूड में नहीं है।

उन्होंने कहा कि चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि उसकी संपत्ति का स्रोत संदिग्ध पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायकों की संपत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी विधायक ने करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है, तो उसे अपनी आय का वैध स्रोत जनता और जांच एजेंसियों के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की संपदा और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीति में केवल अपना व्यक्तिगत धन कई गुना बढ़ाने के उद्देश्य से आए हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी सरकार की नीति को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई संपत्तियों को कानून के तहत जब्त किया जाएगा। जब्त की गई इस संपत्ति का उपयोग गरीबों, विधवा महिलाओं, बेसहारा बच्चों और जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू रहेगी और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:ससुर के अतिक्रमण पर बहू का नामांकन रद्द क्यों ?, हाईकोर्ट के फैसले से मची खलबली

तीन दिवसीय दौरे पर चंबा पहुंचे मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और आपदा प्रबंधन का उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि भारी बारिश और भूस्खलन के कठिन समय में सरकार ने दिन-रात काम करके सड़कों को बहाल किया था। दूरदराज के क्षेत्रों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए 14 दिनों तक लगातार हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की गई थी।

संबंधित खबरेंHRTC Him Bus Plus Card: हिमाचल में पुराने बस कार्ड बंद, जल्द लागू होगी एकीकृत डिजिटल टिकट प्रणालीHimachal News: जॉब ट्रेनी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को बड़ी राहत, सुक्खू सरकार ने 78% बढ़ाया वेतन, अब मिलेंगे ₹60,000 प्रतिमाहHimachal News: शिमला में भाजपा का प्रदर्शन, जयराम-बिंदल के नेतृत्व में ओकओवर घेरा; कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

चंबा मेडिकल कॉलेज के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस परियोजना को उनकी सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हालांकि कॉलेज का निर्माण कार्य पहले शुरू हो चुका था, लेकिन आवश्यक संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं को जुटाने के लिए वर्तमान सरकार ने निरंतर प्रयास किए हैं। अब विभिन्न विभागों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी दो मुख्य प्राथमिकताएं है।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा अधिकारियों और जांच को लेकर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए सुक्खू ने कहा कि जांच किसी राजनीतिक द्वेष से नहीं की जा रही है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि किसी व्यक्ति के पास 50 करोड़ या 100 करोड़ रुपये की संपत्ति अचानक सामने आती है, तो उसकी जांच होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। यदि संबंधित व्यक्ति के पास वैध आय का पूरा ब्योरा मौजूद है, तो उसे सामने आकर पेश करना चाहिए।

रजनी पाटिल को लेकर फैल रही चर्चाओं को बताया अफवाह
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा पार्टी के अंदरूनी मामलों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से नाराजगी की खबरों को पूरी तरह निराधार और अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल पार्टी की प्रभारी हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है। सुक्खू ने दावा किया कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर रजनी पाटिल और राहुल गांधी, उनकी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा अपने नेताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और भ्रष्टाचार के मुकदमों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेकर मनगढ़ंत खबरें फैलाई जा रही हैं। भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि "चंदा चोरी करने वाली पार्टी का कोई मालिक नहीं है, पेपर लीक करने वाली पार्टी का भी कोई मालिक नहीं है।" उन्होंने कहा कि यदि भाजपा केवल सोशल मीडिया की अफवाहों के भरोसे राजनीति करेगी, तो उसका भविष्य जनता तय करेगी।

मंत्रिमंडल विस्तार और शारीरिक शिक्षकों की भर्ती जल्द पूरी होगी
दिल्ली दौरे और प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि इस विषय पर उच्च स्तर पर चर्चा हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में हिमाचल मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और आवश्यकतानुसार फेरबदल भी संभव है, हालांकि उन्होंने किसी संभावित नाम का खुलासा करने से परहेज किया।

इसके अलावा, शारीरिक शिक्षकों (PET) की लंबित भर्ती के परिणाम पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और शारीरिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए पूरी तरह गंभीर है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया और चंबा के विधायक नीरज नायर भी उनके साथ मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prajasatta