Dailyhunt
Kullu News: कुल्लू में तूफान का कहर, गाड़ी पर चीड़ का पेड़ गिरने से 4 अध्यापिकाओं की मौत..

Kullu News: कुल्लू में तूफान का कहर, गाड़ी पर चीड़ का पेड़ गिरने से 4 अध्यापिकाओं की मौत..

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के विधानसभा क्षेत्र आनी में शनिवार शाम भीषण आंधी-तूफान ने कहर बरपाया। उपमंडल आनी के तहत शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल नामक स्थान के पास करीब पांच बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया।

इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई जबकि चालक सहित दो महिलाए घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक तेज तूफान के चलते सड़क किनारे खड़ा एक विशाल चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो (नंबर एचपी 01के-4621) पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। इस हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं।

इस दुर्घटना में चार महिला अध्यापिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान स्नेह लता (निवासी पारलीधार कमांद), बंती कौंडल (निवासी लामीसेरी), उषा कुमारी (निवासी तराला जाओं) और सीमा आजाद (निवासी रोपड़ी) के रूप में हुई है। घायलों में वाहन चालक सुरेश चंद, तारा देवी (निवासी रोपड़ी) और रीना कुमारी (निवासी कठेहड़, सरकाघाट, मंडी) शामिल हैं।

घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज आंधी-तूफान को माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

संबंधित खबरेंKullu News: कुल्लू में युवक ने बंदूक के दम पर व्यक्ति को धमकाने के लिए की हवाई फायरिंग, जान से मारने की धमकी देने पर गिरफ्तारRiver Rafting in Kullu: कुल्लू में रिवर राफ्टिंग पर सख्ती - अब 'सिंगल काउंटर' से ही होगी बुकिंग, नियमों की अनदेखी करने वाले ऑपरेटरों पर गिरेगी गाजKullu Road Accident: कुल्लू के बंजार में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत और कई घायल

मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है। उन्होंने बताया कि घायलों का आनी अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुए इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prajasatta