Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

अपना दल (एस) का 100 दिन का रोडमैप तैयार, 19 जुलाई को भोपाल में होगी बड़ी बैठक

Prathakal 1 week ago

अपना दल (एस) मध्य प्रदेश ने संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने के लिए 7 जुलाई को आयोजित 8वें ऑनलाइन सत्र में आगामी 100 दिनों की रणनीति का रोडमैप पेश किया। वर्चुअल बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर बी सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की।

बैठक के दौरान राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अगले 100 दिनों की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस अवसर पर आगामी 19 जुलाई को भोपाल में विशेष बैठक आयोजित करने की घोषणा की गई, जिसमें सभी जिलाध्यक्षों को अपने अब तक के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेशभर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय महासचिव आर बी सिंह पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की रीढ़ उसका अनुशासन होता है। उन्होंने कहा कि पूर्ण अनुशासन के साथ जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और नेता श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी के कामों से लोगों को अवगत कराना है, जिससे संगठन को नई ऊंचाई तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में शामिल राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने आगामी रणनीति पर कहा कि अगले 100 दिन मध्य प्रदेश में पार्टी की दिशा और दशा तय करेंगे। उन्होंने बताया कि एक सटीक और प्रभावी रोडमैप तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाने की दिशा में काम किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही संगठन को वास्तविक मजबूती मिलेगी और मध्य प्रदेश के कोने-कोने में पार्टी का परचम लहराने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा।

वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष एससी-एसटी मंच सत्य प्रकाश कुरील ने सामाजिक चेतना पर जोर देते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग और वंचित समाज का संघर्ष बेहद लंबा रहा है। उन्होंने महापुरुषों के विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकारों की आवाज पहुंचाने की बात कही।

राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह ने सदस्यता अभियान को लेकर कहा कि संगठन का विस्तार तभी संभव है, जब हर कार्यकर्ता सक्रिय और सजग रहे। उन्होंने आगामी सदस्यता अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।

बैठक में वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी संगठन विस्तार को लेकर अपने मूल मंत्र साझा किए। कार्यक्रम में प्रदेशभर के प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें राजेश्‍वर मिश्रा, एस आर नागले, मोहित गुप्ता, कैलाश गावंडे, सीता सरण सिंह, डीपी पटेल, आर के सनोडिया, रौशन पटेल और फिल्म अभिनेता गौरव प्रतीक प्रमुख रूप से शामिल रहे।

संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से कई जिलाध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे। इनमें सिंगरौली जिला अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह, इंदौर जिला अध्यक्ष टीकम चंद शर्मा, मैहर जिला अध्यक्ष मनोज पटेल, भोपाल जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाहर, ग्वालियर जिला अध्यक्ष राहुल सिंह, बैतूल जिला अध्यक्ष डॉ. अनूप चौरे और छतरपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल शामिल रहे।

बैठक के अंत में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी 19 जुलाई को भोपाल में होने वाली बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बैठक में सभी जिला अध्यक्षों को अपनी कार्य रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा। उम्मीद है कि इस दौरान पार्टी अपनी अन्य जिला और प्रदेश कमेटियों की घोषणा भी कर सकती है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal