Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

बारां में प्रजापति समाज का प्रथम नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न

Prathakal 2 weeks ago

श्रीयादे मां सेवा संस्थान प्रजापति समाज बारां के तत्वाधान में तलावड़ा रोड स्थित कल्याणी बाई की बावड़ी के पास 51 जोड़ों का प्रथम निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन विभिन्न नवाचारों के साथ संपन्न हुआ।

सुबह से देर रात तक चले इस आयोजन ने सामाजिक सहयोग, परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं का संतुलित रूप प्रस्तुत किया।

आयोजन के जिला मीडिया प्रभारी सोनू कुमार मोरवाल ने बताया कि सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मुख्य हवन कुंड की बोली आयोजित हुई, जिसमें मांगरोल के बिहारी लाल चक्रधारी मुख्य यजमान बने। सम्मेलन में इस बार कांच गैलरी पर एंट्री, स्टेज पर वरमाला, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा प्रमुख आकर्षण रहे, जिनकी समाज बंधुओं ने सराहना की। सम्मेलन में पहुंचे भामाशाहों का संस्थान द्वारा साफा बंधन और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

आर्थिक और सामग्री सहयोग में मांगरोल के बिहारी लाल चक्रधारी ने संपूर्ण खाद्य तेल, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मनोज प्रजापति ने 100000 रुपए, चौथमल सुनारिया ने संपूर्ण आटा, रामस्वरूप प्रजापति केल्विन ने शक्कर व बेसन, प्रेम पोटर तुलसा ने अपने पिता जगन्नाथ प्रजापति की पुण्य स्मृति में संपूर्ण पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई। बालमुकुंद आमोरिया अंता ने 51 जोड़ों को 7-7 बर्तन, चेतन प्रजापति आलू वालों ने सब्जी, सुनील अपरोतिया ने पिता महावीर अपरोतिया की पुण्य स्मृति में 102 दहेज कैंपर तथा भवानी शंकर अपरोतिया ने पत्तल, दोना और गिलास का संपूर्ण अनुदान दिया। रमेश प्रजापति न्यू फैशन आर्ट द्वारा सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया। सोहन प्रजापति और त्रिलोक प्रजापति खटकड़ ने चुटकियां प्रदान कीं, जबकि एक भामाशाह ने गुप्त दान में कुर्सियां और राशि का योगदान दिया।

सुबह 10:30 बजे तक इवेंट्स, तोरण और भोजन व्यवस्था पूर्ण हो चुकी थी, लेकिन अचानक आए प्राकृतिक प्रकोप से आयोजन में व्यवधान उत्पन्न हुआ। कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मंडप और पांडाल को पुनः व्यवस्थित किया गया और अंततः रात्रि 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। सम्मेलन में समाजबंधुओं ने तन, मन और धन से सहयोग किया।

इस आयोजन में हाड़ौती क्षेत्र और मध्य प्रदेश सहित 35 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी रही। बारां जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने सभी 51 जोड़ों को सिलाई मशीन भेंट की। संस्थान के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण प्रजापति और सम्मेलन आयोजन अध्यक्ष नंदकिशोर टारडीखेड़ा ने श्रीमती भाया सहित सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नंदलाल सुमन सहित विभिन्न राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal