Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भीलवाड़ा के सांगवा गांव में लापता 6 वर्षीय दिलखुश का कुएं में मिला शव, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

भीलवाड़ा के सांगवा गांव में लापता 6 वर्षीय दिलखुश का कुएं में मिला शव, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

Prathakal 3 days ago

भीलवाड़ा जिले के सांगवा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। सुबह तक घर में खेलता-कूदता 6 वर्षीय दिलखुश कुछ ही घंटों बाद गांव के एक कुएं में मृत मिला।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सांगवा निवासी रतन बेरवा का 6 वर्षीय बेटा दिलखुश मंगलवार सुबह अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते ग्रामीण और रिश्तेदार भी खोजबीन में जुट गए। गांव के अलग-अलग स्थानों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

तलाश के दौरान गांव के पास स्थित एक कुएं की जगत पर दिलखुश की चप्पल पड़ी मिली। चप्पल देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गहरे कुएं में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद दिलखुश का शव कुएं से बाहर निकाला गया। मासूम का शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों का धैर्य टूट गया। पिता रतन बेरवा और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मासूम की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद सांगवा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं, जबकि 6 वर्षीय दिलखुश की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal