
राजस्थान नर्सेज यूनियन, भीलवाड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी को ज्ञापन सौंपकर मेडिकल कॉलेज भीलवाड़ा में नर्सेज के 83 पद समाप्त किए जाने के बाद कार्यरत नर्सिंगकर्मियों के पुनः समायोजन की मांग उठाई।
यूनियन ने मांग की कि अनुभवी नर्सिंगकर्मियों को महात्मा गांधी चिकित्सालय अथवा विधानसभा क्षेत्र के अन्य चिकित्सालयों में पदस्थापित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा के दौरान विधायक अशोक कुमार कोठारी ने नर्सेज यूनियन को आश्वस्त किया कि विगत 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे अनुभवी नर्सिंगकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने तत्काल वित्त विभाग एवं चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर नर्सिंगकर्मियों को भीलवाड़ा में ही पदस्थापित करने का आग्रह किया है।
वर्तमान स्थिति में महात्मा गांधी चिकित्सालय में 27 पद तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के अंतर्गत 48 पद रिक्त हैं। यूनियन ने इन रिक्त पदों पर अनुभवी नर्सिंगकर्मियों को समायोजित कर भीलवाड़ा की चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग रखी।
विधायक कोठारी ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि नर्सिंगकर्मियों को पुनः भीलवाड़ा में ही पदस्थापित कराने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को उनके अनुभव का लाभ लगातार मिलता रहे।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में राजस्थान नर्सेज यूनियन के जिला अध्यक्ष लक्की ब्यावट, संयोजक अमित कुमार व्यास, प्रवक्ता गिरिराज लढा, निरंजन चंपावत, करण सिंह सिसोदिया, ललित जीनगर, दिनेश खटीक, अनीता चौधरी, विमला व्यास, कमला पहाड़िया, मैना, टीना, ममता सहित अनेक नर्सिंगकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने विधायक अशोक कुमार कोठारी का आभार व्यक्त किया।
