Dailyhunt

भीलवाड़ा: मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 12.78 लाख की ठगी करने वाला असम से गिरफ्तार

Prathakal 1 week ago

भीलवाड़ा। मोबाइल टावर लगाने, मोटा किराया और नौकरी का सुनहरा जाल बिछाकर भोले-भाले ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले साइबर ठगों के खिलाफ करेड़ा पुलिस ने महा-ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

एयरटेल कंपनी का फर्जी अधिकारी बनकर सिंजाड़ी का बाडिय़ा (चिताम्बा) निवासी पारसमल गुर्जर को 12.78 लाख रुपये का भारी-भरकम चूना लगाने वाले मास्टरमाइंड दीपू बोरगोहैन को पुलिस ने असम के दुर्गम और खतरनाक बीहड़ जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल टावर और नौकरी का लालच देकर ग्रामीणों को फंसाता था गिरोह

करेड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, पीडि़त सिंजाड़ी का बाडिय़ा (चिताम्बा) निवासी पारसमल गुर्जर ने 11 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक शातिर ठग ने खेत में टावर लगाने, 18 हजार रुपये महीना किराया और 12 हजार रुपये की चौकीदारी की नौकरी का लालच देकर उसे अपने जाल में फंसाया और पूरी योजनाबद्ध तरीके से 12 लाख 78 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपित ने बातचीत के दौरान खुद को एयरटेल कंपनी का अधिकारी बताया और एयरटेल कंपनी का फर्जी अधिकारी बनकर पारसमल गुर्जर से 12.78 लाख रुपये ऐंठे थे।

असम के दुर्गम जंगलों में करेड़ा पुलिस का साहसिक सर्च ऑपरेशन

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल डिजिटल ट्रैकिंग और कॉल डिटेल को खंगालना शुरू किया और ठग की पुख्ता लोकेशन साइबर अपराधियों के सबसे बड़े हॉटस्पॉट असम में ट्रेस की। यह वह इलाका है जहां ये शातिर अपराधी जंगलों में छिपकर देश भर में वारदातों को अंजाम देते हैं। करेड़ा थानाधिकारी पुरणमल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस खतरनाक मिशन को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने अपराधियों के इस गढ़ में घुसकर असम के स्थानीय टेंगाखाट थाने के सहयोग से लगातार दो दिन तक जंगलों में कैंप लगाया और सघन तलाशी अभियान चलाकर इस शातिर ठग को धर दबोचा।

आरोपित से पूछताछ और बरामदगी के प्रयास जारी

पकड़ा गया आरोपित असम के डिबू्रगढ़ जिले के खांगियागोहन का निवासी दीपु बोरगोहन 28 पुत्र मिलोन बोरगोहन बताया गया है। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर ग्रामीण गुर्जर से ऐंठी गई राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इस आक्रामक और साहसिक कार्रवाई में थानाधिकारी पुरणमल, सहायक उप निरीक्षक रेवत सिंह आदि ने अहम भूमिका निभाई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal