Dailyhunt

भीलवाड़ा: प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला अनिल निमावत गिरफ्तार

Prathakal 2 weeks ago

भीलवाड़ा में प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े संगठित फर्जीवाड़े पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए फरार आरोपी अनिल निमावत को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही डमी अभ्यर्थी बैठाने वाले गिरोह की परतें लगातार खुल रही हैं और मामले में अब तक पांच गिरफ्तारी हो चुकी हैं।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान में वर्ष 2022 में आयोजित प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी बाबूलाल की जगह डमी अभ्यर्थी अरविंद को बैठाया गया था। इस गंभीर अनियमितता को लेकर सुभाषनगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थी बाबूलाल, डमी अभ्यर्थी अरविंद भदाला, अरिवंद जांगिड़ और हजारी मीणा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

मामले में कोटा के महावीरनगर प्रथम, जवाहर नगर निवासी 33 वर्षीय अनिल पुत्र कमलेश निमावत फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक स्तर पर निगरानी में चल रही कार्रवाई के तहत एएसपी हेमंत कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान कर रही है, जिसमें गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के विस्तार की जानकारी जुटाई जा रही है।

पकड़े गए आरोपी अनिल पर आरोप है कि उसने अभ्यर्थी के स्थान पर डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाने की साजिश को अंजाम दिया। यह खुलासा न केवल भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, बल्कि ऐसे संगठित गिरोहों के सक्रिय होने की भी पुष्टि करता है, जिन पर अब पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal