
अमरावती के मोर्शी परिसर में बूस्टर बियाणे कंपनी द्वारा बेचे गए कथित बोगस सोयाबीन बीजों को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बीजों की बुवाई के बाद अंकुरण नहीं होने की शिकायत सामने आने पर शेकड़ों किसानों के साथ धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर राष्ट्रवादी काँग्रेस पक्ष ने आंदोलन की भूमिका अपनाते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
राष्ट्रवादी काँग्रेस पक्ष के मोर्शी तालुका अध्यक्ष रुपेश वाळके अपने कार्यकर्ताओं तथा परिसर के किसानों के साथ तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बूस्टर कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही कंपनी के बीज बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ भी फौजदारी गुन्हा दाखल करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मोर्शी तहसील के लाडकी, काशीमपूर, खोपडा, तरोडा तथा आसपास के क्षेत्रों के किसानों ने बूस्टर कंपनी के सोयाबीन बीजों की खेतों में बुवाई की थी। किसानों का आरोप है कि बीज नहीं निकलने से उन्हें दोबारा बुवाई करने की नौबत आ गई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तालुका कृषि अधिकारी प्रथमेश माने स्वयं किसानों के खेतों में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। किसानों की शिकायतों के आधार पर खेतों का निरीक्षण किया गया।
राष्ट्रवादी काँग्रेस पक्ष के मोर्शी तालुका अध्यक्ष रुपेश वाळके ने मांग की है कि शेकड़ों किसानों को कथित रूप से धोखा देने वाली बूस्टर कंपनी तथा उसके बीज बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और प्रभावित किसानों को तत्काल नुकसान भरपाई दी जाए। इस दौरान राष्ट्रवादी काँग्रेस पक्ष के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
