Dailyhunt

चित्तौड़गढ़: नवनियुक्त जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने संभाला कार्यभार

Prathakal 1 week ago

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल के क्रम में नवनियुक्त जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को विधिवत रूप से चित्तौड़गढ़ जिले का पदभार ग्रहण कर लिया है। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरा पर अपनी नई पारी की शुरुआत करने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं डॉ. मंजू की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य अगवानी की।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, रामचंद्र खटीक, उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यभार संभालने की औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरांत डॉ. मंजू ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों का संक्षिप्त अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मीडिया से रूबरू होते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले में यह उनकी दूसरी पोस्टिंग है, इससे पूर्व उन्होंने श्रीगंगानगर जिले में अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने चित्तौड़गढ़ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराणा प्रताप, महाराणा कुंभा और भक्ति शिरोमणि मीराबाई की इस पावन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत वाली धरती पर कार्य करने का अवसर मिलना गौरव की बात है।

अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए डॉ. मंजू ने दृढ़ता से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का सफल क्रियान्वयन उनकी शीर्ष प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही, जिले की स्थानीय समस्याओं और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी चुनौतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन की भूमिका को रेखांकित करते हुए विश्वास दिलाया कि आमजन की प्रशासन से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा किया जाएगा। जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण उनकी कार्यशैली का मुख्य केंद्र होगा, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. मंजू के पदभार ग्रहण करने से जिले में प्रशासनिक गतिशीलता और लोक कल्याणकारी कार्यों को नई दिशा मिलने की प्रबल संभावना है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal