
जोधपुर। मारवाड़ क्षेत्र की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के पावन उद्देश्य से आयोजित प्रतिष्ठित "मारवाड़ का गौरव-2026" समारोह में सिरोही के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी को उनकी असाधारण उपलब्धियों और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए गौरवान्वित किया गया।
यह सम्मान डॉ. खराड़ी के प्रभावी प्रशासन, कठोर अनुशासन और संवेनदशील कार्यशैली का जीवंत प्रमाण है, जिन्होंने जनजाति पृष्ठभूमि से निकलकर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की और दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की परिभाषा बदल दी। आमजन से उनका सीधा जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी विशेषता रही है, जिसने उन्हें जन-जन का प्रिय अधिकारी बना दिया।
डॉ. खराड़ी ने चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देते हुए एनीमिया नियंत्रण हेतु एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज) अभियान को व्यापक स्तर पर लागू किया, जिसके परिणामस्वरूप सिरोही जिले में गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के हीमोग्लोबिन स्तर में क्रांतिकारी सुधार हुआ और क्षेत्र के स्वास्थ्य सूचकांकों में सकारात्मक बदलाव दर्ज किए गए। उनके नेतृत्व में अवैध चिकित्सा पद्धतियों के विरुद्ध किसी 'सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी कठोर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पिछले 15 महीनों के अल्प कार्यकाल में ही उन्होंने 20 एफआईआर दर्ज करवाकर कई अवैध क्लीनिकों पर ताले जड़ दिए, जबकि इससे पूर्व के 5 वर्षों में मात्र 44 एफआईआर ही दर्ज हुई थीं। इस अभियान के अंतर्गत नियमित निरीक्षण, छापेमारी, संदिग्ध क्लीनिकों की पहचान, बिना पंजीकरण अभ्यास करने वालों पर विधिक कार्रवाई और दवाइयों की जब्ती जैसे ठोस कदम उठाए गए, जिससे नीम हकीमों के मायाजाल पर अंकुश लगा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनता का विश्वास सुदृढ़ हुआ।
खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर भी डॉ. खराड़ी ने मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त रुख अख्तियार किया। उनके कुशल मॉनिटरिंग और सैंपलिंग अभियान के चलते वर्ष 2025 में 15,55,000 रुपये और वर्ष 2026 में अब तक 5,30,000 रुपये सहित कुल 20,85,000/- रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित फूड सेफ्टी निरीक्षण, त्योहारों के दौरान विशेष जांच और होटल-ढाबों की सतत निगरानी का परिणाम है, जिससे आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित हुए। प्रशासनिक दृढ़ता के साथ-साथ डॉ. खराड़ी ने मानवीय संवेदनाओं की भी अनुपम मिसाल पेश की। 21 मई 2025 को शिवगंज जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मिली एक लावारिस वृद्ध महिला की उन्होंने न केवल तत्काल देखभाल सुनिश्चित की, बल्कि सूचना प्रसारित करवाकर उन्हें उनके पुत्र लेखराज खंडेलवाल से मिलवाया।
कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान डॉ. खराड़ी के प्रभावी प्रबंधन और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए उन्हें पूर्व में भी अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इनमें वर्ष 2015 में तत्कालीन गृहमंत्री श्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा जिला स्तरीय सम्मान, 2025 में राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान, विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2022 पर राज्य स्तरीय सम्मान, विश्व स्वास्थ्य दिवस 2025 पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान सहित राष्ट्रीय आदिवासी समाज रत्न पुरस्कार (कानपुर), अटल सेवा श्री अवार्ड (जयपुर) और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सम्मान 2024 प्रमुख हैं। 29 अप्रैल को जोधपुर के मारुगढ़ रिसोर्ट में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि श्री लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, विशिष्ट अतिथि सुचित भंडारी (बिजनेस हेड राजस्थान-3), सुमित मोदी (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) एवं अजय सैनी (यूनिट हेड) की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. खराड़ी को यह सम्मान प्रदान किया गया, जो समाज में वास्तविक परिवर्तन लाने वाली उनकी प्रशासनिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
