Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दस दिन से लापता नाबालिग मुस्कान का कुएं में मिला शव, बाघपुरा में फैली सनसनी

दस दिन से लापता नाबालिग मुस्कान का कुएं में मिला शव, बाघपुरा में फैली सनसनी

Prathakal 2 weeks ago

झाड़ोल के बाघपुरा थाना क्षेत्र में दस दिन से लापता 16 वर्षीय नाबालिग मुस्कान का शव शनिवार को उसके घर से करीब 300 फीट दूर स्थित एक कुएं में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मुस्कान पुत्री प्रभुलाल (16 वर्ष) के रूप में हुई है। मुस्कान के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने बाघपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर बाघपुरा थाना अधिकारी गोपाल सिंह मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकालने का प्रारंभिक प्रयास किया गया, लेकिन कुआं अत्यधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद उदयपुर नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ को सूचना दी गई। उनके निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।

फिलहाल शव को झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

रेस्क्यू अभियान में नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम के गोताखोर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, भवानी शंकर वाल्मीकि, हीरालाल प्रजापत तथा वाहन चालक कैलाश मेनारिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दस दिन से लापता नाबालिग का कुएं में शव मिलने के बाद पुलिस जांच जारी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आगे के चरणों से ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal