Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
डीग में 41.10 करोड़ की आरयूआईडीपी परियोजना पर मंथन, एडीएम बोले- जनसहभागिता से होगा समग्र विकास

डीग में 41.10 करोड़ की आरयूआईडीपी परियोजना पर मंथन, एडीएम बोले- जनसहभागिता से होगा समग्र विकास

Prathakal 1 week ago

स्वीर में डीग के पंचायत समिति सभागार में आयोजित आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम के दौरान बैठक में बैठे अधिकारी और हितधारक नजर आ रहे हैं।

तस्वीर में डीग के पंचायत समिति सभागार में आयोजित आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम के दौरान बैठक में बैठे अधिकारी और हितधारक नजर आ रहे हैं।

डीग, 5 अगस्त। अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार ने कहा कि राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत डीग में प्रस्तावित विकास कार्य शहर के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, नगर परिषद, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय तथा जनसहभागिता आवश्यक है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर बुधवार को पंचायत समिति सभागार, डीग में आयोजित आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ परियोजना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा डीग शहर के लिए स्वीकृत यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से परियोजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और आमजन को इससे जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की प्रभावी योजना बनाकर कार्यों का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि सीवरेज परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए डीग में कार्यों का निष्पादन बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता के साथ किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना के पंचम चरण के तहत डीग शहर में प्रस्तावित 41.10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग पर लगभग 32.71 करोड़ रुपये, बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्यों पर 1.91 करोड़ रुपये, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा विरासत संरक्षण एवं पर्यटन संबंधी कार्यों पर 2.68 करोड़ रुपये तथा ठोस कचरा प्रबंधन एवं निस्तारण कार्यों पर 3.79 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

आरयूआईडीपी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि परियोजना के सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएंगे। साथ ही कार्यशाला के दौरान प्राप्त उपयोगी सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से एक वृत्तचित्र के माध्यम से आरयूआईडीपी की विभिन्न विकास परियोजनाओं का प्रदर्शन भी किया गया।

खुले सत्र में प्रतिभागियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, मीडिया प्रतिनिधि, महिलाएं तथा अन्य हितधारक उपस्थित रहे। परियोजना को लेकर आयोजित यह संवाद कार्यक्रम विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, समन्वय और जनसहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal