
गौ माता भारत की संस्कृति और सनातन का मूल आधार है। इसी उद्देश्य को लेकर गौ सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर सभी गौ सेवक एवं धर्म प्रेमी स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
गौ माता की दुर्दशा और उनकी सुरक्षा के लिए सख्त कानून की मांग को लेकर यह राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।
संकट मोचन मंदिर में आयोजित हुई महत्वपूर्ण बैठक
गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि तहसील क्षेत्र गंगापुर सिटी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में दिनांक 7 अप्रैल को सायं 8:00 बजे से गौ माता के संदर्भ में 'गौ माता सम्मान आह्वान अभियान' के तहत बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक का संचालन पूर्वी राजस्थान के प्रचारक संत वैश्णवदास जी के निर्देशानुसार किया गया।
गोवंश की दयनीय स्थिति पर चिंता और समाधान की रणनीति
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोविंद दीक्षित जी ने की, जबकि मुख्य वक्ता भारत लाल गुर्जर जी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि "देसी नस्ल की गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का मूल आधार है, किंतु वर्तमान में गोवंश की उपेक्षा के कारण बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश सड़कों पर एवं राजमार्गों पर विचरण कर रहा है, जिससे दुर्घटना में उनकी जान जा रही है।"
गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष एवं गौ सेवा अभियान के तहसील प्रचारक गोविंद नारायण शर्मा तथा कृपा शंकर उपाध्याय जी ने इस गंभीर मुद्दे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवंश की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और गौशालाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार से पूरे देश में एक समान कानून बनाकर गोवंश को भविष्य में होने वाले गंभीर परिणामों से बचाया जा सके। इस दिशा में संतों और गौसेवकों के द्वारा देश भर में अहिंसक एवं शांतिपूर्ण अभियान चलाया जाएगा।
हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचेगी मांग
27 अप्रैल को सभी गौ सेवक एवं धर्म प्रेमी तहसील स्तर पर हजारों की संख्या में स्थानीय प्रशासन को हस्ताक्षर अभियान के तहत ज्ञापन देंगे, जिससे हमारी गौ माता पर गौ हत्या पर प्रतिबंध लगकर सख्त कानून बने और हमारी गौ माता सुरक्षित रहे। इस बैठक में गौ सेवक भगवान प्रसाद पाराशर, अनिमेष भारद्वाज, हुकुमचंद जांगिड़, ताराचंद गोयल, शशिधर गौतम, अशोक कुमार शर्मा, दीनदयाल शर्मा, राम सिंह जाट, गोविंद नारायण शर्मा, गोविंद दीक्षित, मोहित शर्मा, रवि वैष्णव इत्यादि गौ सेवक उपस्थित रहे।
