Dailyhunt

हॉस्पिटैलिटी आर्केटेक्चर में उदयपुर के गौरव सिंघवी को डियू अवार्ड

Prathakal 6 days ago

उदयपुर। झीलों की नगरी के प्रतिष्ठित होटल रैडिसन ब्लू में आयोजित 'डिजाइन अनफिल्टर्ड कॉन्क्लेव : उदयपुर एडिशन' के भव्य मंच पर शहर के विख्यात वैज्ञानिक वास्तु सलाहकार, इंटीरियर आर्किटेक्ट डिजाइनर एवं धरोहर संरक्षक गौरव सिंघवी (दी डिजाइन टू डिजायर) ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

गौरव सिंघवी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए हॉस्पिटैलिटी आर्किटेक्चर श्रेणी के अंतर्गत प्रतिष्ठित 'डियू अवार्ड' से नवाजा गया है।

गौरव सिंघवी को यह विशिष्ट सम्मान उनके महत्वाकांक्षी और शोधपरक प्रोजेक्ट 'रिअवाकिंग ए फॉरगॉटन सिटाडेल इन टू ए लिविंग हेरिटेज' की सफलता के लिए प्रदान किया गया है। इस परियोजना के केंद्र में लगभग 450 वर्ष पुराने एक ऐतिहासिक किले का वैज्ञानिक संरक्षण और उसे नवीन जीवन प्रदान करने का चुनौतीपूर्ण कार्य सम्मिलित था। सिंघवी ने इस पुनर्जीवन प्रक्रिया में स्थानीय निर्माण सामग्री, पारंपरिक रंगों तथा क्षेत्रीय पौधों एवं वृक्षों का अत्यंत कुशलता से समन्वय किया, जिससे किले की मूल वास्तुकला, ऐतिहासिक संरचना और उसकी पहचान अक्षुण्ण बनी रही।

तकनीकी और कलात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस कार्य की विशेषता यह रही कि गौरव सिंघवी ने किले के लगभग 30 प्रतिशत क्षतिग्रस्त हो चुके हिस्से का पुनर्निर्माण इस सटीकता से किया कि उसका मूल स्वरूप पूरी तरह बरकरार रहा। ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक हॉस्पिटैलिटी की आवश्यकताओं को जिस प्रकार इस प्रोजेक्ट में पिरोया गया है, वह वास्तुशिल्प के क्षेत्र में एक मानक स्थापित करता है। यह उपलब्धि न केवल गौरव सिंघवी की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि उदयपुर की समृद्ध धरोहर और यहां की वास्तुकला विशेषज्ञता को वैश्विक पटल पर गौरवान्वित करने वाली एक महत्वपूर्ण घटना है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal