Dailyhunt

जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 की तैयारियों की समीक्षा

Prathakal 2 weeks ago

राजस्थान की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-आधारित और बाजार-उन्मुख बनाने के संकल्प के साथ 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM)-2026' प्रदेश में एक नवीन युग का सूत्रपात करने जा रहा है।

शनिवार को जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (JECC) में प्रमुख शासन सचिव, कृषि एवं उद्यानिकी की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस महाआयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित फिक्की (FICCI) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आयोजन स्थल का विस्तृत जायजा लेकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

प्रमुख शासन सचिव ने आयोजन की सूक्ष्मता से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले अन्नदाताओं को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए आयुक्त कृषि ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, जिसके अंतर्गत किसानों के लिए पर्याप्त पेयजल, शीतलता प्रदान करने वाली सरस की लस्सी, छायादार विश्राम स्थल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उनके अनुसार, GRAM-2026 मात्र एक सम्मेलन नहीं है, अपितु यह कृषि नवाचार, तकनीकी उन्नयन और किसानों को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ने का एक सशक्त और आधुनिक मंच बनेगा।

इस त्रिवसीय एग्रीटेक मीट के माध्यम से राजस्थान के कृषकों को ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), प्रिसिजन फार्मिंग के साथ-साथ जैविक एवं प्राकृतिक खेती जैसे अत्याधुनिक नवाचारों से प्रत्यक्ष रूप से रूबरू कराया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न तकनीकी सत्रों, विशाल प्रदर्शनी, किसान भागीदारी और जटिल लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही, कृषि को लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय में बदलने हेतु स्टार्टअप्स, एग्रीटेक कंपनियों और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की एक ठोस रणनीति तैयार की गई है। आयुक्त कृषि ने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता और समयबद्ध तरीके से करने की हिदायत दी।

सीतापुरा स्थित JECC में 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाला यह भव्य आयोजन न केवल प्रदेश, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी कृषकों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस मेगा इवेंट में प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों से 75 हजार से अधिक किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। आयोजन का मुख्य ध्येय किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक मंच पर लाकर निवेश और तकनीकी हस्तांतरण को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से मूल्य संवर्धन, निर्यातोन्मुख उत्पादन और आधुनिक विपणन प्रणालियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। राज्य सरकार राजस्थान की कृषि को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने हेतु विदेशों में रोड शो आयोजित करने की भी योजना बना रही है।

"किसान सशक्तिकरण ही ग्रामीण विकास की पूंजी है" के मूल मंत्र को चरितार्थ करता GRAM-2026 खेती को व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करने, कृषि निर्यात को नई गति देने और ग्रामीण युवाओं को कृषि उद्यमिता के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक युगांतरकारी पहल सिद्ध होगा। बैठक में आयुक्त उद्यानिकी श्रीमती श्वेता चौहान, निदेशक कृषि विपणन श्री राजेश कुमार चौहान, अतिरिक्त निदेशक विपणन श्री सुरेंद्र सिंह यादव, जनरल मैनेजर कृषि विपणन बोर्ड श्रीमती संतोष करौल, उप सचिव कृषि श्रीमती स्नेहा लता सहित कृषि विभाग और FICCI के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal