
सवाई माधोपुर/जयपुर, 07 अप्रेल। राजस्थान के युवाओं को बजट प्रक्रियाओं से जोड़ने एवं नीति निर्माण में युवाओं की भूमिका सशक्त करने के उद्देश्य से 13 अप्रेल 2026 को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में "MY Bharat Budget Quest - Youth Dialogue Programme" कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। उन्होंने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों को कार्यक्रम को सफल और व्यापक स्तर पर मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री का सानिध्य एवं प्रधानमंत्री का वर्चुअल संवाद
युवा मामले एवं खेल विभाग एवं अध्यक्ष राजस्थान युवा बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने बताया कि "उद्घाटन सत्र में राज्यपाल श्री हरि भाऊ किशन राव बागडे मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को प्रेरणादायक संबोधन देंगे।" समापन सत्र में "मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।" कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संवाद होगा, जहाँ वे 17 क्षेत्रों के युवाओं से सीधे मुखातिब होंगे। यह आयोजन "माय भारत" पोर्टल के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त मंच साबित होगा।
विशेषज्ञ पैनल चर्चा के प्रमुख विषय
युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए चार प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा गहन चर्चा की जाएगी। चर्चा के विषयों में विकसित कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान कल्याण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त भारत को वैश्विक उद्यमिता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए उद्यमिता हब पर संवाद होगा। मानव पूँजी के अंतर्गत शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार तथा नारी शक्ति के तहत महिला नेतृत्व एवं समावेशी विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
विशाल सहभागिता और जिला स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएँ
इस कार्यक्रम में जयपुर में 984 प्रतिभागी प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे, जबकि प्रत्येक जिले से 100-110 युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। जिला कलेक्टर जयपुर और खेल एवं युवा मामले विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन, टी-शर्ट और परिवहन की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पुलिस विभाग (यातायात एवं सुरक्षा), चिकित्सा विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
