
जयपुर, 29 मई। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के सख्त निर्देशों और जन शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए सतर्कता शाखा की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।
उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई इस प्रभावी कार्रवाई में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसते हुए कुल 44 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया और 14 केन्टर अवैध सामान जब्त कर निगम गोदाम में भिजवाया गया।
यह अभियान जयपुर शहर के रामगंज बाजार, रामगंज चौपड़, घोडा निकास रोड, शिकारियों का खुर्रा, चार दरवाजा, रूई वालों का मोहल्ला, घाटगेट बाजार, जनता कॉलोनी, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार, सिंधी कैम्प बस स्टैंड, हाथी बाबू का हत्था, विवेक विहार मेट्रो स्टेशन, देवी नगर गुर्जर की थड़ी, हवा सड़क सोडाला, ब्रह्मपुरी बस स्टैंड, लालकोठी सब्जी मंडी, प्रभुदयाल मार्ग, प्रताप नगर कोचिंग हब के सामने, जेके लोन अस्पताल के सामने, जनपथ विधानसभा के पीछे, करतारपुरा नाला, झोटवाड़ा पुलिया के नीचे सब्जी मंडी एवं जोशी मार्ग बस स्टॉप के पास कालवाड़ रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।
सतर्कता टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों को सख्त मौखिक चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान काटने के साथ ही और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों और सार्वजनिक स्थानों को सुगम बनाना और नियमों की अवहेलना करने वालों को पाबंद करना रहा।
