Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

खमनोर में नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Prathakal 1 week ago

खमनोर। देश में लगातार बढ़ती कमरतोड़ महंगाई और चिकित्सा प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) के विवादित पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच खमनोर में बड़ा सियासी धमाका हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष निर्देशानुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खमनोर के तत्वाधान में आज खमनोर तहसील कार्यालय पर सैकड़ों की तादाद में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ गगनभेदी नारों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के अंत में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें देश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।

तहसील कार्यालय के बाहर उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केसरसिंह गौड़ ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी के घरेलू बजट को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया है। ईंधन के दामों में लगातार हो रही इस बेतहाशा वृद्धि के कारण बाजार में सभी आवश्यक वस्तुओं और खाद्य पदार्थों के दाम चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए जीवनयापन करना अत्यंत मुश्किल हो गया है।

पेपर लीक के गंभीर मुद्दे पर केंद्र को घेरते हुए ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि देश में बार-बार हो रहे सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक ने देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल कर बर्बाद कर दिया है। उन्होंने नीट पेपर लीक घोटाले में संलिप्त रसूखदार नेताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सभी दोषियों को चिह्नित कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की वकालत की। इसके साथ ही कांग्रेस ने इस परीक्षा महाघोटाले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की पुरजोर मांग की है।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने देश की आर्थिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि आज भारत में महंगाई अपने ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर होकर रसातल में जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री विदेशों में लगातार यात्राएं करके 'मेलोडी चॉकलेट' बांटने में व्यस्त हैं, जबकि यहां देश की आम जनता भीषण महंगाई की चौतरफा मार से बुरी तरह पीस रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोटूक शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार आज हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही बेलगाम होती महंगाई पर लगाम नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर सदन तक इस जनविरोधी नीति के खिलाफ उग्र संघर्ष करेगी।

इस विशाल विरोध प्रदर्शन और ऐतिहासिक महापड़ाव के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केसर सिंह गौड़, खमनोर प्रधान भेरुलाल वीरवाल, उपप्रधान वेभवराज सिंह, जिलापरिषद सदस्य कुकसिंह गौड़, पूर्व प्रधान मांगीलाल पालीवाल, पुरूषोतम माली, भंवरसिंह मलिदा, ब्लॉक महामंत्री बंटी पुरोहित, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीता माली, संतोष सुथार, रेखा, मण्डल अध्यक्ष खेमसिंह, दुर्गालाल गमेती, भगवती लाल पालीवाल, किसन कटारा, रविन्द्र श्रीमाली, शंकर श्रीमाली, सत्यनारायण श्रीमाली, हिम्मतसिंह गौड़, ललितसिंह सोलंकी, रमेश सोनी, पंकज सोनी, दुर्गासिंह, ललित नागदा, लक्ष्मीलाल गमेती, मोड़सिंह, केसरसिंह कराई, ललित कनेरिया तथा देवीलाल गायरी सहित बहुत बड़ी संख्या में समर्पित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal