Dailyhunt

कुंवारिया हॉकी ग्राउंड का कायाकल्प शुरू, खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Prathakal 2 weeks ago

स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने और क्षेत्र में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुंवारिया हॉकी ग्राउंड पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई और जीर्णोद्धार अभियान शुरू कर दिया गया है। ग्राम पंचायत प्रशासक ललित श्रीमाली की पहल और हॉकी राजसमंद के विशेष प्रयासों से यह मैदान अब शीघ्र ही नए स्वरूप में नजर आएगा।

हाल ही में हॉकी राजसमंद की टीम राज्य स्तर पर कांस्य पदक जीतकर लौटी थी। इस उपलब्धि के उपलक्ष में कुंवारिया में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रशासक ललित श्रीमाली ने खिलाड़ियों से ग्राउंड की दशा सुधारने का वादा किया था। अब उन्होंने अपने इस वादे को निभाते हुए मैदान पर सफाई कार्य और व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए हैं।

हॉकी राजसमंद के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह गौड़, सचिव अनिल शर्मा एवं गोवर्धन पुरबिया के मार्गदर्शन में ग्राउंड का कायाकल्प तेजी से किया जा रहा है। जेसीबी और श्रमिकों की सहायता से मैदान की झाड़ियों को हटाया जा रहा है तथा उसे समतल और व्यवस्थित बनाया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिल सके।

मैदान की बदलती सूरत को देखकर स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों का कहना है कि ग्राउंड तैयार होने से उन्हें नियमित अभ्यास में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा।

यह अभियान न केवल खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में भी एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal