Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता: भावना पालीवाल ने युवतियों संग की चर्चा

Prathakal 0 months ago

महिलाओं और युवतियों के स्वास्थ्य एवं गरिमा से जुड़े संवेदनशील विषय मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष चर्चा का आयोजन यूथ आइकॉन ऑफ राजस्थान भावना पालीवाल द्वारा किया गया।

इस कार्यक्रम में मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को तोड़ा गया तथा युवतियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए खुलकर प्रश्न पूछे।

कार्यक्रम के दौरान भावना पालीवाल ने मुखर एवं संवेदनशील तरीके से कहा कि मासिक धर्म कोई अशुद्धि, बीमारी या छुआछूत का विषय नहीं है, बल्कि यह एक महिला के स्वस्थ होने की पहचान है और मानव जीवन के अस्तित्व का आधार है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में, विशेषकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में, इस विषय पर बात करने में शर्म महसूस की जाती है, जिसके कारण कई युवतियां गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाती हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक महिलाएं स्वयं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं होंगी और इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं करेंगी, तब तक समाज की सोच में बदलाव संभव नहीं है।

चर्चा के दौरान युवतियों ने मासिक धर्म के समय होने वाले असहनीय दर्द, अनियमित पीरियड्स तथा कपड़े के उपयोग से होने वाले संक्रमण को लेकर कई सवाल उठाए। कार्यक्रम के समापन पर "स्वच्छ भारत, स्वस्थ नारी" के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए सभी प्रतिभागी युवतियों को मुफ्त सेनेटरी पैड और हाइजीन किट वितरित किए गए।

सेनेटरी पैड वितरण के दौरान युवतियों को इसके सही उपयोग की विधि तथा सबसे महत्वपूर्ण इसके सुरक्षित निपटान के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। भावना पालीवाल द्वारा बताया गया कि वे हर महीने विभिन्न सरकारी स्कूलों, बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन एवं चर्चाएं करती हैं, ताकि राजस्थान की हर बेटी स्वस्थ और आत्मनिर्भर बन सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal