
छोटीसादड़ी। प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित पुलिस क्वार्टर में एक महिला कॉन्स्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है। महिला कॉन्स्टेबल द्वारा सुसाइड किए जाने की प्रारंभिक सूचना के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू करवाई। मृतका की पहचान सोम कुंवर के रूप में हुई है, जो प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल क्षेत्र की निवासी थी। इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस महकमे और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
घटनाक्रम के अनुसार, ईद पर्व के मद्देनजर सुबह की शिफ्ट में महिला कॉन्स्टेबल सोम कुंवर की पहरे पर ड्यूटी लगाई गई थी। निर्धारित समय पर जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची, तो साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। लगातार संपर्क साधने में विफलता के कारण शंका पैदा हुई, जिसके बाद पुलिसकर्मी थाना परिसर में ही स्थित उनके क्वार्टर पर पहुंचे। वहां जाकर देखने पर महिला कॉन्स्टेबल मृत अवस्था में पाई गई। एक दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटी कॉन्स्टेबल की इस तरह अचानक मौत की खबर से थाना परिसर में कोहराम मच गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी बी. आदित्य, उपखंड अधिकारी और छोटीसादड़ी सीओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए प्रतापगढ़ से एफएसएल (FSL) टीम को विशेष रूप से बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई शुरू की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जांच में सहयोग के लिए धोलापानी थाना पुलिस जाप्ता, जलोदा जागीर थाना पुलिस सहित आसपास के कई थानों की पुलिस टीमें भी तुरंत मौके पर तैनात कर दी गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी छोटीसादड़ी पहुंच गए। परिजनों ने महिला कॉन्स्टेबल की मौत को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना की पूर्व रात करीब 9 बजे उनकी सोम कुंवर से फोन पर बातचीत हुई थी, तब वह बिल्कुल सामान्य स्थिति में थी। परिजनों ने निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एफएसएल जांच पर जोर देते हुए फिलहाल पोस्टमार्टम करवाने पर भी आपत्ति जताई है और पूरे मामले की अत्यंत गहनता से जांच करने की मांग रखी है। फिलहाल पुलिस प्रशासन परिजनों की आपत्तियों और घटना से जुड़े सभी तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत तफ्तीश में जुटा है।
