Dailyhunt

प्रतापगढ़: दीपेश्वर तालाब बचाने की मांग, धरोहर बचाओ समिति ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

Prathakal 1 month ago

शहर के दीपेश्वर तालाब के संरक्षण को लेकर धरोहर बचाओ संघर्ष समिति प्रतापगढ़ के बैनर तले गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में तालाब के जल स्रोत को प्रभावित करने वाले निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग की गई।

जल आवक बाधित होने की आशंका

समिति के अनुसार दीपेश्वर तालाब में पानी का मुख्य स्रोत पश्चिम दिशा से आने वाला बरसाती नाला है, जो चरागाह भूमि होकर गुजरता है। इस भूमि में से 0.20 हेक्टेयर भूमि दिनांक 18 मार्च 2020 को जिला कलेक्टर द्वारा सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय एवं विश्राम गृह निर्माण के लिए आवंटित की गई थी। वर्तमान में नगर परिषद द्वारा यहां निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। समिति ने यह गंभीर आशंका जताई है कि "यदि इस स्थान पर बाउंड्री वॉल, कार्यालय और विश्राम गृह का निर्माण हो जाता है तो तालाब में पानी की आवक पूरी तरह बाधित हो जाएगी।" इससे तालाब के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है, साथ ही यहां रहने वाले जीव-जंतु, मछलियां और पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता भी प्रभावित होगी।

शहर का एकमात्र प्राकृतिक जल स्रोत

ज्ञापन में यह विशेष रूप से बताया गया कि "दीपेश्वर तालाब शहर का एकमात्र प्राकृतिक जल स्रोत है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक सुबह-शाम भ्रमण, स्नान और जल क्रीड़ा के लिए आते हैं।" पानी का भराव कम होने से तालाब का सौंदर्यीकरण भी प्रभावित होगा। समिति ने मांग की कि सैनिक कल्याण बोर्ड को तालाब खेड़ा प्राथमिक विद्यालय के पूर्वी हिस्से में स्थित खाली चारागाह भूमि में नक्शा दुरुस्तीकरण कर वैकल्पिक भूमि आवंटित की जाए। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व इसी स्थान पर भूमि पूजन भी किया गया था।

प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

समिति ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर तालाब की सौंदर्यता और जल स्रोत को सुरक्षित रखने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान गजेंद्र चंडालिया, नाहर सिंह सिसोदिया, दिलीप तिवारी, गिरजाशंकर शर्मा, महेश शर्मा, मिलन शर्मा, दीपक सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal