Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रेलवे कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आज होगा मल्टी स्पेशलिटी मेगा मेडिकल कैंप, 10 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर देंगे परामर्श

रेलवे कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आज होगा मल्टी स्पेशलिटी मेगा मेडिकल कैंप, 10 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर देंगे परामर्श

Prathakal 1 week ago

कोटा में मेगा मेडिकल कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य।

कोटा में मेगा मेडिकल कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य।

कोटा, 2 अगस्त। रेलवे के सेवारत कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन, डब्लूसीआरईयू और मंडल रेल चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कोटा जंक्शन स्थित उमरावमल पुरोहित सभागार में निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा।

फेडरेशन अध्यक्ष जी.पी. सिंह एवं सचिव डी.के. अरोरा ने बताया कि मेगा मेडिकल कैंप का शुभारंभ प्रातः 8 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कोटा मंडल रेल चिकित्सालय सूपर्णा सेन राय करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया रेलवेमेस फेडरेशन के सहायक महामंत्री मुकेश गालव होंगे। इस निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप में रेलवे के सेवारत एवं पेंशनर्स कर्मचारी तथा उनके आश्रित स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ ले सकेंगे।

कैंप में 10 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट, स्पाइन एंड ऑर्थो विशेषज्ञ, पल्मोनोलॉजिस्ट, फिजीशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ तथा चर्म रोग विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। इसके अलावा बीपी, डायबिटीज, ईसीजी, बीएमडी, स्पिरोमेट्री और हेपेटाइटिस-बी (इंस्टेंट) सहित विभिन्न विशेष जांचों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। रोग से संबंधित आवश्यक दवाइयां रेलवे चिकित्सालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।

आयोजकों के अनुसार रेलवे के पेंशनर्स, सेवारत कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए एक ही स्थान पर सभी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से परामर्श और आवश्यक जांच कराने का यह विशेष अवसर है। मंडल एआईआरएफ के एक्जिक्यूटिव मेम्बर ईरशाद खान ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से इस मेगा मेडिकल कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।

मेगा मेडिकल कैंप में लाभार्थियों के पंजीकरण, मरीजों को परामर्श सहायता उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को सुचारु एवं सुविधाजनक बनाने के लिए सदस्यों की विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां पूरे आयोजन के दौरान अपनी सेवाएं देंगी।

एआईआरपीडब्ल्यूएफ के प्रेस सचिव राजेश गौतम ने बताया कि यह मेगा मेडिकल कैंप रेलवे परिवार को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारी, पेंशनर्स और उनके आश्रित लाभान्वित होंगे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal