
सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित अपने कक्ष में विभागीय अधिकारियों की टू-डू लिस्ट की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूरे मनोयोग, जवाबदेही एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
शासन सचिव ने जयपुर में स्थापित किए जाने वाले सहकार वन के कार्य में तेजी लाने और सहकार जागृति अभियान की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, 'स्वच्छ सहकार, समृद्ध सहकार' अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान की अवधि में वृद्धि की भी आवश्यकता व्यक्त की। डॉ. शर्मा ने विभाग में भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने, बायोमीट्रिक उपस्थिति व्यवस्था, डीपीसी, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती, भारत टैक्सी परियोजना की शुरुआत, गोदाम निर्माण, गोदामों के डब्ल्यूडीआरए पंजीकरण तथा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्रों से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनके क्रियान्वयन में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में शासन सचिव ने टू-डू लिस्ट में शामिल प्रत्येक कार्य की वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना (फ्यूचर प्लान ऑफ एक्शन), संभावित समयसीमा तथा अपेक्षित परिणामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित टू-डू लिस्ट अधिकारियों को अपने लक्ष्यों के प्रति स्पष्टता प्रदान करती है तथा विभागीय कार्यों के निष्पादन में गति, पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करती है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कार्यों की स्पष्ट प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने से विभाग में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति विकसित होगी और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
शासन सचिव ने अंत में निर्देशित किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विभाग की योजनाओं एवं पहलों का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके तथा सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
