
गंगापुर सिटी में किन्नरों द्वारा बधाई शगुन के नाम पर अधिक राशि मांगने की शिकायतों के बीच रविवार को एक अहम सर्व समाज बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन्म एवं विवाह के अवसर पर किन्नर समाज को दिए जाने वाले शगुन की राशि को लेकर सर्वसम्मति से बड़ा निर्णय लिया गया।
यह बैठक अग्रवाल धर्मशाला में हुई, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और किन्नर समाज के सदस्य शामिल हुए। दो घंटे चली इस बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद यह सहमति बनी कि बालक के जन्म एवं शादी-विवाह पर किन्नर समाज को बधाई शगुन के रूप में ₹3100 की राशि दी जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता अग्रवाल समाज जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद बरनाला ने की। मंच पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश चंद गुट्टा, प्रवीण जैन, देवेंद्र जैन, वैश्य महासम्मेलन महिला जिलाध्यक्ष रीना पालीवाल, रामकेश छंगा, अनिल स्वर्णकार, हेमेंद्र शर्मा, जितेंद्र सिंह (पप्पू नरूका), अमित खंडेलवाल, लोकेश सोगानी, महिला जिलाध्यक्ष रेखा गर्ग, मंजू मंगलम, वेद प्रकाश मंगल, समाजसेवी नरेश दुबे, सुरेंद्र मित्तल, ओमप्रकाश सोनी, सुरेंद्र लाला विजयवर्गीय, मोहनलाल कुनकटा, सतीश महसवा, पत्रकार पदम जोशी, गोपाल सेवा वाले तथा किन्नर समाज की राधा शर्मा और मंजू बाई मौजूद रहे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सामान्य परिस्थितियों में ₹3100 से अधिक राशि की मांग नहीं की जाएगी, जबकि यदि कोई संपन्न परिवार स्वेच्छा से ₹5100 तक शगुन देना चाहे तो उसे पूरी तरह स्वेच्छिक माना जाएगा। किसी भी परिवार पर अतिरिक्त राशि के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि यदि किसी प्रकार की जबरन वसूली या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
किन्नर समाज की प्रतिनिधि राधा शर्मा और मंजू बाई ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए उनका समाज प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से निर्धारित राशि से भी कम शगुन लेकर बधाई देने का कार्य किया जाएगा। इस सहमति को लिखित समझौते के रूप में भी दर्ज किया गया।
बैठक में अग्रवाल महिला तहसील अध्यक्ष सुमन आर्य, अग्रवाल महिला अध्यक्ष सुनीता सरल, अग्रवाल शिक्षण संस्थान अध्यक्ष दीनदयाल मच्छीपुरा, अग्रवाल कर्मचारी समिति अध्यक्ष राधामोहन गोयल, घनश्याम दास बजाज, पंडित दयानंद शास्त्री, विकास राजोरिया, हरकेश शर्मा, राजेंद्र मोदी, संतोष सोनी, कैलाश मंगलम, सरोज गर्ग, विनय सरल, नवल किशोर, रामगोपाल शर्मा और महेश जांगिड़ सहित सर्व समाज के अनेक लोगों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में सर्व समाज की ओर से गोविंद प्रसाद बरनाला सहित अन्य पदाधिकारियों ने किन्नर समाज की राधा बाई एवं मंजू बाई का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद किन्नर समाज ने पारंपरिक बधाई गीत प्रस्तुत कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन वैश्य समाज जिला अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल ने किया। समाचार का संचालन एवं रिपोर्टिंग मदन मोहन गर्ग द्वारा की गई।
