Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

सवाई माधोपुर: ट्रेडिंग के नाम पर ठगे 99,947 रुपये साइबर पुलिस ने करवाए रिफण्ड, एक गिरफ्तार

Prathakal 1 week ago

ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर आमजन को ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ सवाई माधोपुर जिला पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक, जिला सवाई माधोपुर के कुशल निर्देशन में तथा श्री विजय सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सवाई माधोपुर, श्री उदयसिंह मीना, पुलिस उपाधीक्षक, शहर एवं श्री जयप्रकाश अटल, आरपीएस, उप पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम थाना, जिला सवाई माधोपुर के निकटतम सुपरविजन में साइबर थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित के खाते से ठगी गई पूरी रकम वापस दिलाने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस टीम ने दिनांक 31.05.2026 को त्वरित एक्शन लेते हुए माह मार्च में अज्ञात ठगों द्वारा परिवादी आसिफ शेख के खाते से ऑनलाइन ठगी कर हड़पी गई कुल 99,947/- रुपये की शत-प्रतिशत राशि को वापस परिवादी के खाते में रिफण्ड करवा दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी मनराज मीना पुत्र राजाराम मीना, उम्र 25 साल, निवासी गंभीरा, थाना कोतवाली सवाई माधोपुर, जिला सवाई माधोपुर को नामजद कर गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

घटना के विस्तृत विवरण के अनुसार, दिनांक 05-03-2026 को परिवादी आसिफ शेख, निवासी पुराना शहर, जिला-सवाई माधोपुर ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल 1930 पर एक शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवादी ने अपनी शिकायत में बताया था कि अज्ञात ठगों ने उसे ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर झांसा दिया और उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके खाते से कुल 99,947 रुपये की राशि हड़प ली। उक्त शिकायत प्राप्त होते ही साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर द्वारा मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए त्वरित तकनीकी व कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। साइबर टीम ने बिना वक्त गंवाए विभिन्न बैंकों के नोडल ऑफिसर्स से तत्काल संपर्क साधा और संदिग्ध खातों में ट्रांसफर की गई राशि को फ्रीज व होल्ड करवाया। पुलिस के इस त्वरित और सटीक प्रयास के चलते अंततः 99,947/- रुपये की संपूर्ण राशि परिवादी आसिफ शेख के एचडीएफसी बैंक के खाते में सुरक्षित वापस रिफण्ड करवा दी गई।

इस सराहनीय और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में श्री धर्मेन्द्र चौधरी, सहायक उप निरीक्षक (स.उ.नि.), साइबर थाना सवाई माधोपुर, श्री फैयाज खांन, सहायक उप निरीक्षक (स.उ.नि.), साइबर थाना सवाई माधोपुर तथा श्री महेश, कॉन्स्टेबल (कानि. 1409), साइबर थाना सवाई माधोपुर शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से पीड़ित को उसकी गाढ़ी कमाई वापस मिल सकी।

इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस प्रशासन ने आमजन को साइबर ठगों के चंगुल से सुरक्षित रहने के लिए एक विशेष सतर्कता अपील जारी की है। पुलिस द्वारा साइबर ठगों के संबंध में की गई अपील में कहा गया है कि आमजन वॉट्सएप या किसी भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान या किसी भी संदिग्ध नंबर से आए हुए लिंक और एपीके (APK) फाइलों को कतई डाउनलोड नहीं करें। इसके साथ ही, फर्जी टेलीग्राम और वॉट्सएप ग्रुप्स पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग, इन्वेस्टमेंट और रुपये दोगुना करने का दावा करने वाले लालची व धोखेबाज लोगों के झांसे में बिल्कुल न आएं। पुलिस ने जोर देकर कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के साइबर क्राइम का शिकार होता है, तो वह तुरंत बिना किसी देरी के सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर ठगी गई राशि को ब्लॉक और रिफण्ड कराया जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal