
सवाई माधोपुर, 29 मई। आयुष विभाग के उपनिदेशक डॉ. भीमसिंह मीना ने शुक्रवार को कुश्तला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष राजकीय आयुर्वेद औषधालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभागीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने औषधालय में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, रोगियों के पंजीयन यानी ओपीडी रिकॉर्ड और परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
इस दौरान डॉ. मीना ने औषधालय परिसर में विकसित वनौषधि उद्यान 'आरोग्य वाटिका' का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि औषधालय में आने वाले प्रत्येक रोगी एवं आमजन को औषधीय पादपों के औषधीय गुणों एवं उनकी उपयोगिता के बारे में पूर्ण जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाई जाए। निरीक्षण में उन्होंने 'आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना' के अंतर्गत गांव में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की। औषधालय प्रभारी डॉ. विजय शंकर बैरवा, कम्पाउडर रामजीलाल साहू, तथा योग प्रशिक्षक आदित्य सिंह राठौड़ एवं मीनाक्षी शर्मा को निर्देशित करते हुए उपनिदेशक ने स्पष्ट किया कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. मीना ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने औषधालय द्वारा संचालित योग दिवस काउंटडाउन योगाभ्यास कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में आमजन को योग के प्रति जागरूक करने और दैनिक योगाभ्यास सत्रों में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। अंत में, उन्होंने औषधालय के चिकित्साधिकारी डॉ. विजय शंकर बैरवा और समस्त स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों को सर्वोत्तम आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। (फोटो कैप्शन: आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष राजकीय आयुर्वेद औषधालय, कुश्तला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को जांचते उपनिदेशक डॉ. भीमसिंह मीना।)
