Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
SET-2026 आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी, 11 अगस्त तक मिलेगा संशोधन का अवसर

SET-2026 आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी, 11 अगस्त तक मिलेगा संशोधन का अवसर

Prathakal 1 week ago

स्वीर में कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत पोडियम पर लगे माइक के सामने संबोधन देते नजर आ रहे हैं।

तस्वीर में कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत पोडियम पर लगे माइक के सामने संबोधन देते नजर आ रहे हैं।

राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं कोटा विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त, 2026 तक बढ़ा दी है। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने 11 अगस्त, 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन (Correction Window) की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इस संबंध में कोटा विश्वविद्यालय ने अधिसूचना-05/2026 जारी कर विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है।

कुलगुरू प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने बताया कि यूजीसी द्वारा जारी पात्रता संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातकोत्तर में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं तृतीय लिंग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे।

SET-2026 के समन्वयक धनश्याम शर्मा ने बताया कि स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी अथवा जिनका परिणाम लंबित है, वे भी SET-2026 के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित अंकों के साथ स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण कर दो वर्ष के भीतर पात्रता की सभी शर्तें पूरी करनी होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को अपने स्नातकोत्तर विषय में ही परीक्षा देनी होगी। यदि संबंधित विषय SET की सूची में शामिल नहीं है, तो अभ्यर्थी यूजीसी-नेट अथवा यूजीसी-सीएसआईआर नेट में सम्मिलित हो सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 11 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे। साथ ही अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक संशोधन कराने की सलाह दी गई है।

विश्वविद्यालय के अनुसार SET प्रमाणपत्र केवल राजस्थान राज्य में मान्य होगा तथा इसकी वैधता आजीवन रहेगी। राज्य के विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं भर्ती एजेंसियां अपने निर्धारित नियमों के अनुसार SET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया में इस प्रमाणपत्र का उपयोग कर सकेंगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Prathakal