
शंभूपुरा स्थित आदिनाथ जैन मंदिर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ध्वजारोहण महोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित इस पावन अवसर ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
मंदिर अध्यक्ष हस्तीमल सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 7:30 बजे से आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर परिसर में विधिकारक नरेंद्र कुमार सिरोहिया द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई, जो लगभग 10 बजे तक चली। इसके पश्चात ध्वजा को सिर पर धारण कर समाजजनों द्वारा नगर में भव्य वरघोड़ा निकाला गया, जो पुनः आदिनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
शुभ मुहूर्त में समस्त समाजजनों की उपस्थिति में हस्तीमल सिसोदिया एवं सिसोदिया परिवार द्वारा मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण किया गया, जिससे वातावरण धार्मिक जयघोषों से गूंज उठा।
इसके पश्चात आगामी एक वर्ष हेतु विभिन्न धार्मिक पूजाओं की बोलियां लगाई गईं। इनमें पक्षाल पूजा के लाभार्थी पराग कोठारी (नाकोड़ा), केसर पूजा के करण सिंह सिंघवी, धूप पूजा के भाग्येश जैन, पुष्प पूजा एवं चंदन पूजा के हस्तीमल सिसोदिया रहे। नाकोड़ा भैरव आरती के लाभार्थी ओम जैन (शंभूपुरा) रहे, जबकि आदिनाथ भगवान की आरती एवं मंगल दीपक की बोली स्वयं हस्तीमल सिसोदिया ने ली।
इस अवसर पर विजय सिंह सिंघवी (निम्बाहेड़ा), करण सिंह सिंघवी (सतखंडा) सहित बड़ी संख्या में स्थानीय समाजजन उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
