
उदयपुर। शहर के व्यस्ततम सूरजपोल थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार ने पुलिस थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विनायक नगर, सेक्टर 12 निवासी मनीष पुत्र सत्यवल्लभ दवे ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सूरजपोल बाहर स्थित श्री महालक्ष्मी मार्केट में उनकी 'श्री तिरुपति डाईगोनिस्टिक एण्ड सर्जिकल' (तिरुपति टाईजनो स्टीक एण्ड सर्जिकल लक्ष्मी सर्किट शॉप नंबर 9) और 'मनीष प्लास्टिक' नाम से दो दुकानें स्थित हैं। तड़के करीब 4:20 बजे अज्ञात चोर ने इन दोनों दुकानों के ताले तोड़ दिए। वारदात के दौरान चोर ने श्री तिरुपति सर्जिकल के गल्ले में रखे 50 हजार रूपए नकद चोरी कर लिए। इसके पश्चात चोर ने मनीष प्लास्टिक का भी गल्ला तोड़ दिया और वहां रखे सामान को तितर-बितर कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया, लेकिन कैमरा तोड़ने से पूर्व आरोपी का पूरा चेहरा उसमें स्पष्ट रूप से कैद हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया और पीड़ित की रिपोर्ट पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। शहर के बीचों-बीच हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
