Chandigarh News: पंजाब केसरी के विशेष पॉडकास्ट 'हॉटस्पॉट' में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब इन्फोटेक के चेयरमैन गुनींदरजीत सिंह मिंकू ने पंजाब की राजनीति, 2027 विधानसभा चुनाव, भगवंत मान सरकार के कामकाज, विपक्ष, युवाओं, नशे, रोजगार और अपने सामाजिक कार्यों को लेकर खुलकर अपनी राय रखी।
मिंकू ने कहा कि उनका राजनीति में आने का कभी कोई इरादा नहीं था। वर्ष 2018 में अपने पिता के निधन के बाद जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित करते समय उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी ने उनकी सोच बदल दी। उसी दिन उन्होंने समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विचारों और भाषणों से भी उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा मिली।
उन्होंने अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पिता एक प्रसिद्ध आपराधिक वकील थे, जिन्होंने बाद में शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखते हुए भाई गुरदास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की स्थापना की। आज यह संस्थान कई शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
राजनीति नहीं, सेवा का माध्यम
मिंकू ने कहा कि उनके लिए राजनीति सत्ता हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के नाम से संचालित एनजीओ जरूरतमंदों को घर बनाकर देने, कैंसर मरीजों की सहायता, महिलाओं के लिए सिलाई केंद्र संचालित करने तथा मुफ्त सुविधा केंद्र के माध्यम से सरकारी कार्यों में सहायता प्रदान करने का कार्य कर रही है।
संगरूर को मॉडल हल्का बनाने का लक्ष्य
अपने विधानसभा क्षेत्र संगरूर को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना है। सीवरेज, टूटी सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं को खत्म किए बिना विकास अधूरा है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि संगरूर विकास के मामले में पूरे पंजाब के लिए एक मॉडल क्षेत्र बनकर उभरे।
2027 में फिर बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मिंकू ने विश्वास जताया कि पंजाब में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुकाबला किसी विपक्षी दल से नहीं, बल्कि अपने पिछले कार्यकाल से बेहतर प्रदर्शन करने का है। उनके अनुसार आम आदमी पार्टी ने अपने अधिकांश चुनावी वादों को पूरा किया है और कई क्षेत्रों में उम्मीद से अधिक काम किया है।
अकाली दल और कांग्रेस पर साधा निशाना
मिंकू ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के लिए सत्ता में वापसी आसान नहीं होगी क्योंकि जनता के मन में अभी भी कई पुराने मुद्दों को लेकर नाराजगी है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की कमी और आपसी खींचतान से जूझ रही है, जिसका नुकसान उसे लगातार उठाना पड़ रहा है। उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले ‘स्लीपर सेल’ जैसे आरोपों को भी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत पंजाब की जनता है।
भगवंत मान पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की कार्यशैली की सराहना करते हुए मिंकू ने कहा कि वह दिन-रात पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष आज तक मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई ठोस आरोप नहीं लगा पाया है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कई दावों को उन्होंने भ्रामक और तथ्यहीन बताया।
नशे के खिलाफ लड़ाई जारी
पंजाब में नशे की समस्या पर उन्होंने स्वीकार किया कि यह पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है, लेकिन पहले की तुलना में स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान और शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
70 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
रोजगार के मुद्दे पर मिंकू ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लगभग 70 हजार युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इससे युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है और विदेश जाने की प्रवृत्ति में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि पंजाब इन्फोटेक के माध्यम से स्टार्टअप, आईटी सेक्टर और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।
महिलाओं के लिए योजनाओं का किया समर्थन
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजनाओं पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही हैं और परिवारों को भी इसका लाभ मिल रहा है।
चुनाव लड़ने की इच्छा, फैसला पार्टी पर छोड़ा
विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर मिंकू ने कहा कि चुनाव लड़ना हर कार्यकर्ता की इच्छा होती है, लेकिन टिकट देना पार्टी नेतृत्व का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और यदि किसी अन्य को मौका मिलता है तो भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
स्वच्छता बनाए रखने की अपील
बातचीत के अंत में मिंकू ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के पास डस्टबिन खरीदने की सुविधा नहीं है तो उनकी एनजीओ उसे मुफ्त में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
